‘आत्मा डरा रही है…’, दोस्त की हत्या के बाद थाने पहुंचा आरोपी, बोला- मुझे अरेस्ट कर लो

सरगुजा : छत्तीसगढ़ के सरगुजा से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक युवक थाने पहुंचा और उसने जो कहानी सुनाई, उसने सबको चौंका दिया. सरेंडर करते हुए उसने बताया कि उसने अपने दोस्त की हत्या कर दी है. अब उसकी उसे आत्मा सता रही है.
दरअसल, पूरा मामला अंबिकापुर जिले के लोहारपारा बस्ती का है. यहां रहने वाले मिथलेश कुजुर नाम के शख्स ने अपने दोस्त बृजलाल अगरिया की हत्या कर दी. आरोपी ने पुलिस को बताया कि 24-25 मार्च की दरम्यानी रात उसने अपने दोस्त को घर पर बुलाया था. इस दौरान दोनों को बीच शराब पीने को लेकर बहस हुई. इसके बाद आरोपी मिथलेश ने दोस्त बृजलाल पर डंडे से वार कर दिया. इस हमले में उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया.
घर में दफनाया था शव
डंडे से कई बार हमला होने के कारण बृजलाल की हालत गंभीर हो गई और उसकी मृत्यु हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी राजकुमारी की मदद से शव को अपने ही घर में दफना दिया. इस घटना के बाद से वह मानसिक तौर से परेशान रहने लगा.
‘दोस्ती की आत्मा डरा रही है‘
आरोपी मिथलेश भ्रम होने लगा कि उसके दोस्त की आत्मा उसकी पीछा कर रही है. इससे परेशान होकर गुरुवार (2 अप्रैल) को वह पुलिस थाने पहुंचा. सारी बात बता दी, उसने कहा कि साहब, मैंने अपने दोस्त की हत्या करके उसे दफना दिया है. उसे निकलवाकर उसका अंतिम संस्कार करवा दो. उसने आगे बताया कि उसकी आत्मा मुझे हरदिन दिखाई देती है और डरा रही है.
पति-पत्नी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपी की कहानी सुनने के बाद पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की. इसके बाद घर में दफन शव को खुदाई करवाकर बाहर निकाला. इस मामले में पुलिस ने पति-पत्नी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.