आदतन शराबी की हत्या :  पत्नी, भाई और रिश्तेदार गिरफ्तार, गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या

बलौदाबाजार:  छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां ग्राम बिनौरी में एक व्यक्ति की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी, भाई और एक रिश्तेदार को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रामकुमार साय उम्र 37 वर्ष, की मौत 29 और 30 मार्च की दरम्यानी रात को हुई थी। शुरुआत में मामला संदिग्ध लगा, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना बाई, बड़े भाई महावीर साय और रिश्तेदार वैभव उर्फ अंशु को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। कड़ाई से  पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि मृतक शराब का आदी था और आए दिन परिवार के साथ मारपीट करता था। इतना ही नहीं, उसकी हरकतों से पूरा परिवार परेशान था। इसी से तंग आकर तीनों ने मिलकर योजना बनाई और सोते समय गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए गमछे को पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पूरे मामले में फोरेंसिक टीम की भी अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है। एक बार फिर घरेलू कलह का खौफनाक अंजाम सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds