भीषण गर्मी में पानी की तलाश : जंगल से निकला हिरणों का बड़ा झुंड, सड़क पार करते दिखा मनमोहक दृश्य

गरियाबंद/फिंगेश्वर : ग्राम पंचायत रक्शा के जंगल में एक साथ बड़ी संख्या में हिरणों का झुंड सड़क पार करते हुए दिखाई दिया। यह खूबसूरत और दुर्लभ नजारा उस समय देखने को मिला जब हिरण जंगल से निकलकर दूसरी ओर जा रहे थे। इस पूरे दृश्य को ग्राम पंचायत रक्शा के सरपंच प्रकाश चंदनिया ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया।
बताया जा रहा है कि गर्मी के दिनों में पानी की कमी के चलते हिरण अक्सर झुंड में जंगल से बाहर निकलते हैं और पानी की तलाश में एक स्थान से दूसरे स्थान की ओर जाते हैं। इसी दौरान वे सड़क भी पार करते नजर आते हैं।
वहीं बरसात के मौसम में घने जंगल और पर्याप्त जल स्रोत उपलब्ध होने के कारण हिरण कम ही दिखाई देते हैं। लेकिन गर्मी बढ़ने के साथ ही इन वन्यजीवों की गतिविधियां जंगल के बाहर तक देखी जाने लगती हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र में हर साल गर्मी के दौरान इस तरह के दृश्य देखने को मिलते हैं, जो न सिर्फ आकर्षक होते हैं बल्कि वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार को भी दर्शाते हैं।