विधानसभा : राजस्व मंत्री की चर्चा के दौरान सदन से गायब रहे विभागीय अधिकारी, विपक्ष का वॉकआउट

रायपुर। राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के अनुदान मांगों की चर्चा में विभागीय अधिकारी सदन से गायब रहे। इसे लेकर विपक्ष ने आपत्ति जताई और चर्चा शुरू होने से पहले विभाग के बड़े अधिकारियों को सदन में बुलाने की मांग की परंतु सभापति धरम लाल कौशिक ने कार्यवाही जारी रखी। इससे नाराज होकर कांग्रेस विधायकों ने वॉकआउट करते हुए अनुदान मांग की चर्चा में भाग नहीं लिया।
मप्र विधानसभा के दिवंगत सदस्य को दी गई श्रद्धांजलि
छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज सभापति धरमलाल कौशिक ने अविभाजित मध्यप्रदेश विधानसभा की पूर्व सदस्य मंगली बाई रावते के निधन का उल्लेख सदन में किया।
इसके बाद सीएम विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ चरणदास महंत और संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने दिवंगत सदस्य के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन को राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
इसके बाद सभी सदस्यों ने 2 मिनट खड़े होकर दिवंगत नेता को मौन श्रद्धांजलि दी। आसंदी पर बैठे सभापति ने दिवंगत सदस्य के सम्मान में सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित करने की घोषणा की।