दुर्ग में अफीम की खेती का मामला, गृह मंत्री विजय शर्मा बोले – सख्त कार्रवाई की जाएगी

रायपुर : छत्तीसगढ़ के दुर्ग में मक्के के खेत के बीच में अफीम की खेती का मामला सामने आया है. जिस खेत में अफीम का उत्पादन किया जा रहा था, वह बीजेपी नेता विनायक ताम्रकार का है. प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से बाहर निकाल दिया है. अब प्रदेश के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा का बयान सामने आया है.

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने क्या कहा?

उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने इस मामले में कड़ी प्रतिक्रिया दी है. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने विभाग को कहा है कि पूरी ताकत से कार्रवाई करें. अफीम की खेती कब से की जा रही थी. इससे कौन-कौन जुड़ा हुआ है. इसे पता करने के लिए कहा गया है. इस तरह के कृत्य करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.

भूपेश बघेल ने साधा निशाना

पूर्व सीएम भूपेश बघेल, उस खेत में गए जहां अफीम उगाई जा रही थी. उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश को नशे में डूबाने का काम ये भाजपा सरकार कर रही है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके पूर्व सीएम ने लिखा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार अफीम की अवैध खेती को पकड़ा गया है. गांवों में होली के कुछ दिनों पहले युवा लकड़ियां बटोरने निकलते हैं, इसी दौरान ही अफीम की खेती की जानकारी निकल के सामने आई.

उन्होंने आगे लिखा कि हम वहां देख कर आए हैं कि कुछ जगह फलों को चीरा लगा चिट्टा निकाल लिया गया था. कुछ जगह फ्लावरिंग सीजन है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल बीते 6 मार्च को एक लिखित शिकायत के आधार पर दुर्ग में विनय ताम्रकार के फार्म हाउस में जांच के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंची थी. यहां 9 एकड़ की जमीन पर अवैध रूप से अफीम की खेती करते पाया गया. अफीम के पौधे, मक्के के पौधे के बीच लगाए थे. इस पूरे मामले के वीडियो और फोटो भी सामने आए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds