लॉगिन

मकान के पैसों पर विवाद बना मौत की वजह, पिता ने टांगी से वार कर बेटी को उतारा मौत के घाट

Chhattisgarh February 22, 2026 रिपोर्टर: shailesh
मकान के पैसों पर विवाद बना मौत की वजह, पिता ने टांगी से वार कर बेटी को उतारा मौत के घाट

मकान के पैसों पर विवाद बना मौत की वजह, पिता ने टांगी से वार कर बेटी को उतारा मौत के घाट

जशपुर : जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामटोली में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने गुस्से में आकर अपनी ही 23 वर्षीय बेटी की टांगी से वार कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान बिंदिया लकड़ा के रूप में हुई है, जो गांव में आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत थी और परिवार के साथ रहती थी।

जानकारी के अनुसार बिंदिया घर के पास नया मकान बनवाने की तैयारी कर रही थी, जिसके लिए गिट्टी, बालू और अन्य निर्माण सामग्री मंगाने की बात चल रही थी। इसी मुद्दे पर 18 फरवरी 2026 को पिता लौरेस लकड़ा और बेटी के बीच पैसों को लेकर विवाद शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस अचानक उग्र हो गई और आरोपी ने आवेश में आकर घर में रखी टांगी उठा ली तथा उसके पिछले हिस्से से बेटी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से बिंदिया खून से लथपथ होकर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गहरी चोट को मौत का प्रमुख कारण बताया गया है। पुलिस ने आरोपी पिता लौरेस लकड़ा (47 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। हत्या में प्रयुक्त टांगी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं लोग हैरान हैं कि मामूली विवाद ने एक पिता को इतना निर्दयी बना दिया कि उसने अपनी ही बेटी की जान ले ली।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds