छुट्टी पर घर लौट रहा आईटीबीपी जवान लापता, रायपुर पहुंचने का किया था वादा, गोरखपुर में मिला सामान

कांकेर : जिले के चारामा थाना क्षेत्र से एक विचलित कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां पंजाब में तैनात आईटीबीपी का एक जवान घर लौटते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है. ग्राम कसावाही निवासी जवान विनोद कुमार गोटी ने 7 फरवरी को परिजनों से फोन पर बात कर रायपुर पहुंचने की जानकारी दी थी, लेकिन उसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

छुट्टी पर घर लौट रहा आईटीबीपी जवान लापता

गौरतलब हो कि चारामा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कसावाही निवासी आईटीबीपी के जवान विनोद कुमार गोटी के लापता होने का मामला सामने आया है. जवान वर्तमान में पंजाब के लुधियाना स्थित आईटीबीपी पोस्ट पर पदस्थ हैं. उनके अचानक संपर्क से बाहर हो जाने के बाद परिजन गहरे सदमे और चिंता में हैं.

जानकारी के अनुसार, 7 फरवरी की रात लगभग 10 बजे जवान विनोद गोटी ने अपने परिजनों से फोन पर बातचीत की थी. बातचीत के दौरान उन्होंने बताया था कि वे छुट्टी लेकर घर आ रहे हैं और रायपुर पहुंचने के बाद परिजनों को उन्हें लेने आने के लिए कहा था. इसके बाद अगली सुबह जब उनके पिता ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला.

गोरखपुर में मिला सामान

परिजनों द्वारा लगातार फोन करने पर बाद में गोरखपुर रेलवे पुलिस ने कॉल रिसीव कर जानकारी दी कि जवान का रेलवे से संबंधित सामान गोरखपुर में मिला है, जिसे छोड़कर वे कहीं चले गए हैं। यह सूचना मिलते ही चिंतित परिजन गोरखपुर पहुंचे, जहां जवान का कोई सुराग नहीं मिला. परिजन जवान का सामान लेकर वापस घर लौट आए.

घटना के बाद से जवान विनोद कुमार गोटी की तलाश जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है. जवान के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे प्रशासन से जल्द से जल्द जवान को ढूंढ निकालने की अपील कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds