जब दोस्त का बेटा… सचिन की खुशी से गदगद शाहरुख खान, अर्जुन तेंदुलकर के लिए दिल खोल दिया

मुंबई: अर्जुन तेंदुलकर ने रविवार को मुंबई इंडियंस की तरफ से कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पदार्पण किया। इस 23 वर्षीय ऑलराउंडर ने मुंबई की तरफ से गेंदबाजी का आगाज किया तथा कुल दो ओवर किए। उनकी गेंद पारी के शुरू में दाएं हाथ के बल्लेबाजों के लिए मूव कर रही थी। उन्होंने 17 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।

एक ओर, महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने अपने बेटे अर्जुन को कड़ी मेहनत जारी रखने और खेल का सम्मान करने की सलाह दी है। तो दूसरी ओर, हारने वाली टीम कोलकाता नाइटराइडर्स के मालिक शाहरुख खान ने अर्जुन के लिए दिल खोल दिया। उन्होंने अर्जुन के लिए ट्वीट किया- यह आईपीएल कितना भी प्रतिस्पर्धी क्यों न हो… लेकिन जब आप एक दोस्त के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को मैदान में उतरते देखते हैं तो यह बहुत खुशी और आनंद की बात होती है। अर्जुन को शुभकामनाएं और सचिन के लिए गर्व का क्षण है !! बहुत खूब!

वहीं, तेंदुलकर ने ट्वीट किया,‘अर्जुन आज (रविवार) आपने एक क्रिकेटर के रूप में अपने सफर में एक अन्य महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है। आपके पिता होने के नाते, जो कि आपको प्यार करता है और खेल के प्रति जुनूनी है, मैं जानता हूं कि आप खेल को सम्मान देना जारी रखोगे जिसका वह हकदार है और खेल वापस आप पर प्यार लुटाएगा।’ इस दिग्गज बल्लेबाज ने लिखा,‘आपने यहां तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है और मुझे पूरा विश्वास है कि आप आगे भी ऐसा करना जारी रखोगे। यह एक सुखद यात्रा की शुरुआत है। मेरी तरफ से ढेर सारी शुभकामनाएं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds