गरियाबंद : उदंती–सीतानदी टाइगर रिज़र्व क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने 53 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन लोगों ने बिना अनुमति संरक्षित वन क्षेत्र में प्रवेश कर छोटे-छोटे पेड़-पौधों की कटाई की और वन भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की, जिससे वन्यजीवों के आवास और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचा।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 53 नग कुल्हाड़ी जब्त की गईं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन्हें 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई 16 दिसंबर 2025 को उदंती–सीतानदी टाइगर रिज़र्व के सीतानदी (कोर) परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम खडगांव, बोइर, करागांव, रावड़, पिट्टासाल, रायताला, डहर, कोसमट, बदरदरा, छोटे राजपुर, खिड़पड़ी, कंसरी, कोंडकी, बाघबहरा, डोंगरीपारा सहित अन्य क्षेत्रों में की गई।
वन विभाग के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम 1972 और भारतीय वन अधिनियम 1927 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में एसडीओ, परिक्षेत्र अधिकारी, उपवनक्षेत्र अधिकारी और वन कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।