चांपा : चांपा पुलिस ने हत्या के प्रयास और लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए एक नाबालिक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने घर में अकेली महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर मंगलसूत्र और टॉप्स की लूट की थी।
प्रार्थी प्रकाश देवांगन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 दिसंबर की शाम वे सामान लेने बाजार गए थे। घर पर उनकी मां अकेली थीं। उसी समय तीन आरोपी दरवाज़ा तोड़कर अंदर घुसे और महिला के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल महिला जमीन पर गिर गई, जिसके बाद आरोपियों ने गला दबाकर उनका मंगलसूत्र और टॉप्स लूट लिए और फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के निर्देशन में थाना चांपा और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। पूछताछ और मुखबिर की सूचना पर मुख्य संदेही निखिल पांडेय को शंकर नगर से पकड़ा गया। कड़ी पूछताछ में निखिल ने अपने साथी अरुण राजपूत और एक नाबालिक के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने तीनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लूटे गए मंगलसूत्र और एक टॉप्स बरामद कर लिए हैं। पुलिस की तत्परता से गंभीर अपराध का त्वरित खुलासा संभव हुआ है।