लॉगिन

सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की नापाक साजिश की नाकाम, एक साथ  3 आईईडी कुकर बम को किया निष्क्रिय

Chhattisgarh December 5, 2025 रिपोर्टर: shailesh
सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की नापाक साजिश की नाकाम, एक साथ  3 आईईडी कुकर बम को किया निष्क्रिय

सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की नापाक साजिश की नाकाम, एक साथ  3 आईईडी कुकर बम को किया निष्क्रिय

नारायणपुर : जिले के थाना छोटे डोंगर क्षेत्र के अतिसंवेदनशील जंगलों में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. नक्सलियों द्वारा पुलिस पार्टी को नुकसान पहुंचाने के लिए लगाए गए तीन आईईडी कुकर बमों को संयुक्त दल ने मौके पर ही बरामद कर नष्ट कर दिया.

इस टीम ने की कार्रवाई 

जानकारी के अनुसार पुलिस और आईटीबीपी को विश्वसनीय सूचना मिली कि थाना छोटे डोंगर क्षेत्र के तोयामेटा–पड़बेड़ा जंगल में माड़ीन नदी किनारे पड़बेड़ा पगडंडी मार्ग पर नक्सलियों ने आईईडी लगाई है. सूचना मिलते ही तत्काल संयुक्त ऑपरेशन की योजना बनाई गई. इस संयुक्त टीम में ओरछा स्थित आईटीबीपी की 29वीं वाहिनी, बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड नारायणपुर, थाना छोटे डोंगर पुलिस बल और आईटीबीपी डॉग स्क्वॉड शामिल थे.

1 किलोमीटर क्षेत्र की घेराबंदी 

जंगल में प्रवेश करने से पहले सुरक्षा घेरा और फायर कवरेज सुनिश्चित किया गया. सूचनादाता की निशानदेही पर लगभग 1 किलोमीटर क्षेत्र की घेराबंदी की गई. तलाशी के दौरान नदी किनारे पगडंडी मार्ग पर तीन कुकर बम बरामद हुए, जिनका वजन करीब तीन–तीन किलो बताया जा रहा है. ये आईईडी अत्यंत संवेदनशील स्थिति में लगाए गए थे, जिससे गश्ती दल और ग्रामीणों दोनों के लिए बड़ा खतरा हो सकता था.

बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड ने तकनीकी प्रक्रिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मौके पर ही सभी विस्फोटकों को सुरक्षित रूप से नष्ट किया. इस कार्रवाई से पुलिस पर संभावित बड़े हमले को टाल दिया गया. साथ ही ग्रामीणों का आवागमन मार्ग भी सुरक्षित हुआ और नक्सलियों की विस्फोटक गतिविधियों को एक बार फिर असफल कर दिया गया.

नारायणपुर पुलिस का कहना है कि जिले में नक्सल गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करने और ग्रामीणों में विश्वास बहाली के लिए एंटी-आईईडी सर्च अभियान और डोमिनेशन ऑपरेशन आने वाले दिनों में और तेज किए जाएंगे.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds