वित्त मंत्री से मिले सीजीपीएससी 2024 के टॉपर्स, ओपी चौधरी ने युवाओं को दी शुभकामनाएं

रायपुर : सीजीपीएससी परीक्षा 2024 में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त करने वाले युवा स्वप्निल वर्मा (द्वितीय रैंक) और रोहित वर्मा (48वीं रैंक) ने आज रायपुर निवास में वित्त मंत्री ओपी चौधरी से आत्मीय मुलाकात की। दोनों युवाओं ने अपनी सफलता की यात्रा, संघर्ष और आगामी लक्ष्य को लेकर मंत्री से चर्चा की।
मुलाकात के बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए दोनों चयनित अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई दी। मंत्री ने लिखा कि “नालंदा परिसर से तैयारी करते हुए आपने लगन, अनुशासन और परिश्रम के बल पर यह अद्भुत सफलता अर्जित की है। आपकी उपलब्धि देखकर गर्व और खुशी की अनुभूति हो रही है। यह उसी भावना की सार्थकता है, जो नालंदा परिसर की स्थापना के समय मन में थी।”
उन्होंने दोनों युवाओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी सफलताएँ प्रदेश के युवाओं को नई प्रेरणा देती हैं।दोनों चयनित प्रतिभागियों की इस उपलब्धि से उनके परिवार और नालंदा परिसर में भी खुशी का माहौल है। सीजीपीएससी 2024 के टॉपर्स की यह मुलाकात शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।