सुकमा : जिला सुकमा के भेज्जी–चिंतागुफा सीमा के घने जंगलों में डीआरजी की टीम और माओवादियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में कुख्यात आईईडी विशेषज्ञ एवं एएसपी आकांश राव गिरिपुंजे की हत्या की साजिश रचने वाला कोंटा एरिया कमेटी का जनमिलिशिया कमांडर माड़वी देवा ढेर हो गया। मुठभेड़ में कुल 03 माओवादी मारे गए, जिनमें 02 महिला माओवादी शामिल हैं।
मुठभेड़ स्थल से .303 रायफल, बीजीएल लॉन्चर, गोला-बारूद, माओवादी दस्तावेज़ और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है। सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि तुमालपाड़ क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिलने पर डीआरजी टीम ने सुबह से सर्च ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई के दौरान माओवादियों ने फायरिंग की, जिस पर जवाबी कार्रवाई में तीनों माओवादी ढेर हो गए।
दस्तावेज़ों और प्रारंभिक पहचान के आधार पर मारे गए माओवादी कैडरों की जानकारी—
मुठभेड़ में मारे गए माओवादी कैडरों की प्रोफ़ाइल
- माड़वी देवा
- निवासी: पोटानार, थाना भेज्जी, जिला सुकमा
- पद: एरिया जनमिलिशिया कमांडर, स्नाइपर टीम कमांडर
- इनामी राशि: ₹5 लाख
- आरोप: अनेक नागरिक हत्याएँ, हमले, आईईडी ब्लास्ट की योजना, एएसपी आकांश राव गिरिपुंजे की हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड
- पोडियम गंगी
- निवासी: पेद्दापाड़, जिला सुकमा
- पद: एरिया सीएनएम कमांडर
- इनामी राशि: ₹5 लाख
- सोड़ी गंगी
- निवासी: वेरमगुंडु, थाना किस्टाराम
- पद: एरिया कमेटी सदस्य
- इनामी राशि: ₹5 लाख
बरामदगी
मुठभेड़ स्थल से
- .303 राइफल
- बीजीएल लॉन्चर
- गोला-बारूद
- हथियारों के पुर्जे
- माओवादी दस्तावेज़
- दैनिक उपयोग की सामग्री
जब्त की गई।
“बस्तर में माओवाद अपनी अंतिम साँसें गिन रहा है” : आईजीपी सुन्दरराज पट्टलिंगम
बस्तर रेंज के आईजीपी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने कहा कि माओवादी संगठन अब पूरी तरह टूटने की कगार पर है और उसकी हिंसक गतिविधियाँ असरहीन हो चुकी हैं।उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक कुल 233 माओवादीसुरक्षा बलों की कार्रवाई में मारे जा चुके हैं, जो माओवादी नेटवर्क की निर्णायक कमजोरी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में डीआरजी, बस्तर फाइटर्स, सीआरपीएफ सहित सभी बलों द्वारा व्यापक सर्चिंग लगातार जारी है।