लॉगिन

नक्सलियों का एक और पत्र, जगन ने 6 महीने के ‘युद्धविराम’ के लिए की सरकार से अपील

Chhattisgarh November 3, 2025 रिपोर्टर: shailesh
नक्सलियों का एक और पत्र, जगन ने 6 महीने के ‘युद्धविराम’ के लिए की सरकार से अपील

नक्सलियों का एक और पत्र, जगन ने 6 महीने के ‘युद्धविराम’ के लिए की सरकार से अपील

रायपुर : सिर्फ छत्तीसगढ़ नहीं बल्कि देश के सभी नक्सल प्रभावित राज्यों में अब नक्सली घुटने टेकने लगे हैं. ओडिशा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के बाद अब तेलंगाना में भी नक्सलियों ने ‘युद्धविराम’ के लिए सरकार से अपील की है. नक्सली संगठन की तेलांगना राज्य समिति के प्रवक्ता जगन ने पत्र जारी कर युद्ध विराम के लिए कहा है.

नक्सलियों का एक और पत्र जारी

नक्सलियों के तेलांगना राज्य समिति के प्रवक्ता जगन ने एक पत्र जारी किया है. इस पत्र के जरिए जगन ने सरकार से 6 महीने के लिए युद्ध विराम की घोषणा करने अपील की है. इस पत्र में जगन ने लिखा है- ‘अप्रैल, मई और जून के महीनों में तेलंगाना राज्य के सभी दलों, जन संगठनों और सामाजिक समूहों ने शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए बड़े पैमाने पर आंदोलन चलाए. तेलंगाना राज्य सरकार ने भी जन आकांक्षाओं के अनुरूप प्रतिक्रिया दी. इसी संदर्भ में मई में हमने 6 महीने के लिए युद्धविराम की घोषणा की थी. इन 6 महीनों के दौरान हमने अपनी ओर से योजनाबद्ध तरीकों को लागू किया और यह सुनिश्चित किया कि शांतिपूर्ण माहौल बना रहे. तेलंगाना समाज यही चाहता है. इसलिए जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप हम अगले छह महीनों के लिए युद्धविराम की घोषणा कर रहे हैं.’

पत्र में आगे कहा गया है- ‘हम अपनी ओर से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने का प्रयास करेंगे, जैसा कि पहले रहा है. हम सरकार से भी अनुरोध करते हैं कि वह पहले की तरह ही कार्य करती रहे. केंद्र की भाजपा सरकार तेलंगाना राज्य के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रही है. हम सभी दलों, सभी सामाजिक समूहों, संगठनों, छात्रों, बुद्धिजीवियों और लोकतंत्रवादियों से आग्रह करते हैं कि वे ऐसी कोशिशों के खिलाफ खुलकर लड़ें.’

बता दें कि नक्सल संगठन की अलग-अलग समितियों की ओर से युद्ध विराम के लिए पत्र जारी किया जा रहा है. तेलंगाना समिति से पहले ओडिशा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ नक्सल संगठनों की ओर से शांति वार्ता के लिए पत्र जारी किया जा चुका है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds