महान नदी में समा गई नाव : आधा दर्जन लोग थे सवार, ग्रामीणों ने कूदकर बचाई जान

सूरजपुर : जिले के महान नदी में एक नाव अचानक तेज बहाव में पलट गई. नाव में करीब आधा दर्जन दर्जन लोग सवार थे, जिनमें छोटे बच्चे और महिलाएं भी शामिल थे. गनीमत रही कि सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए और एक बड़ा हादसा टल गया.

 सूरजपुर के महान नदी में पलटी नाव

यह घटना मयूरधक्की और सोहार गांव के बीच की है, जहां से ग्रामीणों का रोज का आना-जाना ब्लॉक मुख्यालय ओड़गी की ओर होता है. इस इलाके में नदी पार करने के लिए पुलिया या सुरक्षित रास्ता नहीं है. जिसकी वजह से ग्रामीण नाव का सहारा लेते हैं. हालांकि बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से नदी उफान पर भी है.

नाव डूबने का दिल दहला वाला वीडियो आया सामने

घटना के वक्त नाव तेज बहाव में संतुलन खो बैठी और देखते ही देखते पूरी नाव नदी में समा गई. नाव को डूबता देख सवार भी नदी में कूदने लगे. नदी में अचानक मची अफरा-तफरी के बीच नदी के पास खड़े गांववालों ने बहादुरी दिखाते हुए सभी लोगों को किसी तरह बाहर निकाला. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नाव डूबने का दिल दहला देने वाला दृश्य कैद हुआ है.

अफरा-तफरी मच गई

ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात के समय यही स्थिति होती है, लेकिन आज तक न तो कोई स्थायी पुल बना और न ही वैकल्पिक रास्ते. प्रशासन भले ही गांवों में बेहतर सड़क और आवागमन के दावे करता हो, लेकिन ये हादसा हकीकत की तस्वीर दिखा गया. अगर ग्रामीण मौके पर मदद नहीं करते, तो ये हादसा जानलेवा साबित हो सकता था.

अब गांववाले मांग कर रहे हैं कि सरकार जल्द से जल्द यहां स्थायी पुल का निर्माण कराए ताकि लोगों की जान जोखिम में न पड़े. वहीं इस घटना ने फिर से एक बार यह साबित कर दिया कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं की कमी आज भी लोगों के लिए खतरा बनी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds