पत्नी की नृशंस हत्या कर पति ने फांसी लगाकर की खुदखुशी

जगदलपुर : बस्तर जिले में घरेलू विवाद के चलते एक अधेड़ ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। घर के आंगन में बैठी महिला पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे मार डाला। वारदात करने के बाद खुद भी फांसी के फंदे पर लटक कर जान दे दी। दोनों के शवों का डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, संभागीय मुख्यालय जगदलपुर से करीब 50 किमी दूर सोनदेवड़ा गांव में वारदात हुई है। इस गांव के रहने वाले बुरजो का अपनी पत्नी जयमनी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पत्नी घर के आंगन में बैठी हुई थी। इसी बीच बुरजो कुल्हाड़ी लेकर आया और पीछे से उसके सिर और पीठ पर लगातार वार किए। इस दौरान जयमनी जोर-जोर से चीखने लगी इसे सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख बुरजो फरार हो गया। जयमनी की सांसे चल रही थी। लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर, वारदात के बाद पकड़े जाने के डर से बुरजो भी सड़क किनारे एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटक गया।

गांव वालों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर जवान पहुंचे जिन्होंने शव को उतारा और शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भिजवाया। जहां पति-पत्नी के शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव इनके रिश्तेदारों को सौंपे जाएंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds