दो समुदायों के बीच खूनी संघर्ष में एक युवक की हत्या, भीड़ ने किया पुलिस बल पर हमला

बेमेतरा : जिले से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित बीरमपुर गांव में शनिवार दोपहर हिंदू और मुस्लिम युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलने के बाद वहां पहुंचे साजा थाने के एसआई बीआर ठाकुर पर भी भीड़ ने हमला कर दिया। कुछ वाहन भी जलाए गए हैं। स्थिति तनावपूर्ण है और आसपास के जिलों से पुलिस बल भेजा जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, बीरमपुर में कुछ महीने पहले दो-तीन हिंदू लड़कियों ने मुस्लिम लड़कों से विवाह किया था। उस समय भी वहां इस बात पर झगड़ा हुआ था। बाद में वह झगड़ा तो शांत हो गया, लेकिन गांव के लोग दो पक्षों में बंट गए। बीच-बीच में इस मुद्दे पर वहां तनाव फैलता रहा। शनिवार दोपहर को भी इसी तरह की बात को लेकर युवकों के दो गुटों में बहस हुई। धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ा कि दोनों तरफ से युवा और समाज के लोग लाठी-डंडे, हथियार लेकर आ गए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया।

दोनों पक्षों के कई लोग घायल

इस संघर्ष में धारदार हथियारों का प्रयोग किया गया। भीड़ में मौजूद एक 22 साल के युवक को ज्यादा चोटें आई। इससे वह वहीं मौके पर गिरा और दम तोड़ दिया। इसके बाद भी यह झगड़ा रुका नहीं। दोनों पक्षों के कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।

स्थिति संभालने आए एसआई पर हमला

दो समुदाय में संघर्ष की बात इस इलाके के साजा थाने में पहुंची। वहां उस समय सब इंस्पेक्टर बीआर ठाकुर ड्यूटी पर थे। वे तत्काल कुछ सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उस समय भी मारपीट चल रही थी। उन्होंने भीड़ में जाकर ऐसा नहीं करने की बात कही, लेकिन इसी दौरान किसी ने उन पर भी हमला कर दिया। उनके साथ गए सिपाही उन्हें लेकर साजा लौटे। फिलहाल उनका साजा अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds