खारुन नदी के जमराव एनीकेट में डूबने से दो नाबालिगों की मौत, दोस्तों के साथ गए थे घूमने 

दुर्ग : जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमराव स्थित एनीकट में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रायपुर से सैर-सपाटे के लिए आए छह दोस्तों में से दो किशोर नहाने के दौरान नदी के तेज बहाव में बह गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई। एक का शव बुधवार शाम को ही बरामद कर लिया गया था, जबकि दूसरे किशोर का शव गुरुवार सुबह मिला।

दरअलस, रायपुर से छह दोस्त पाटन ब्लॉक के ग्राम जमराव स्थित एनीकट में घूमने पहुंचे थे। बुधवार शाम करीब चार बजे खाना खाने के बाद यशवंत हरपाल (16) और आशीष सरोज (15) नहाने के लिए नदी में उतरे। इस दौरान खारून नदी में पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बहने लगे। साथ में मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर लोगों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ दुर्ग की टीम मौके पर रवाना हुई।

कमांडेंट नागेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार शाम 5:30 बजे सूचना मिलने पर 6:30 बजे रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। देर रात तक चलाए गए अभियान में यशवंत का शव एनीकट से करीब 30 मीटर दूर बरामद कर लिया गया। अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया था।

हादसे से इलाके में शोक का माहौल

गुरुवार सुबह 6 बजे एसडीआरएफ की 13 सदस्यीय टीम ने फिर से सर्च अभियान शुरू किया। लगभग साढ़े तीन घंटे के प्रयास के बाद आशीष सरोज का शव भी उसी जगह से करीब 30 मीटर दूर बरामद किया गया। मृतक आशीष रायपुर के बजरंग नगर का निवासी था। इस दुखद हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds