छत्तीसगढ़ की वादियों में अब शूट होगी मूवी-वेब सीरीज, 147 करोड़ की लागत से नवा रायपुर में बनेगी फिल्म सिटी

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नवा रायपुर में 70 एकड़ में नई फिल्म सिटी बनेगी. अटल नगर के माना-तूता में राज्योत्सव स्थल के सामने करीब 70 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ का निर्माण एक निजी कंपनी द्वारा किया जाएगा. मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली कमेटी ने PPP मॉडल को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने निर्माण की तैयारियां तेज कर दी हैं. अनुबंध और टेंडर की शर्तें फाइनल होने के बाद एक महीने के भीतर निर्माण एजेंसी चुनने के लिए टेंडर जारी करने की योजना है. करीब 95 करोड़ रुपए की लागत से यह फिल्म सिटी अगले कुछ महीनों में बनना शुरू हो जाएगी.

PPP मॉडल पर फिल्म सिटी

पर्यटन मंडल के अधिकारियों के मुताबिक फिल्म सिटी में PPP मॉडल के तहत निजी निवेशकों को स्टूडियो और अन्य बुनियादी ढांचे के लिए भूमि आवंटित की जाएगी. यहां ई-बसें भी चलेंगी. इस परियोजना में करीब 400 करोड़ रुपए के निवेश की संभावना है, जिससे सैकड़ों स्थानीय कलाकारों और युवाओं को रोजगार मिलेगा. सरकार का दावा है कि फिल्म उद्योग से जुड़े निवेशकों, निर्माताओं और कलाकारों को प्रोत्साहित किया जाएगा. केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ में फिल्म सिटी और पर्यटन विकास के लिए 147 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है.

स्पेशल असिस्टेंस और विकास परियोजनाएं

स्पेशल असिस्टेंस टू स्टेट्स फॉर कैपिटल इंवेस्टमेंट 2024-25 के तहत माना-तूता, रायपुर में चित्रोत्पला फिल्म सिटी के निर्माण के लिए 95.79 करोड़ रुपए और जनजातीय व सांस्कृतिक कन्वेंशन सेंटर के लिए 51.87 करोड़ रुपए की लागत से परियोजनाएं प्रस्तावित हैं. इससे छत्तीसगढ़ी फिल्मों, नाटकों और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.

फिल्म सिटी निर्माण को लेकर पर्यटन मंडल और स्टेकहोल्डर्स के बीच कई दौर की चर्चा हो चुकी है. मुंबई के कई बड़े फिल्म निर्माता और निवेशक इस परियोजना में रुचि दिखा चुके हैं और प्रस्तावित स्थल का अवलोकन भी कर चुके हैं. यह स्थान प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली से भरपूर है, जहां पेड़-पौधों की अच्छी संख्या है. कई फिल्मों की शूटिंग भी यहां हो चुकी है और आसपास बसाहट, निवेश और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा.

आधुनिक सुविधाएं और सेट्स

नई फिल्म सिटी में फिल्म निर्माण और शूटिंग के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी. यहां अस्थाई और स्थाई सेट्स बनाए जाएंगे, जिसमें गांव, शहर, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, जेल, फूड कोर्ट और रेस्टोरेंट शामिल होंगे. तालाब, उद्यान, नदी, पर्वत जैसे लोकेशन भी विकसित किए जाएंगे. फिल्म निर्माताओं और कलाकारों के लिए सर्वसुविधायुक्त आवास, स्टूडियो, साथ ही प्री-प्रोडक्शन और पोस्ट-प्रोडक्शन के लिए अलग बिल्डिंग होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds