न्यूज वेब पोर्टल के बहाने ऑनलाइन सट्टा एप का संचालन, कथित पत्रकार को पुलिस ने किया गिरफ्तार

दुर्ग। पुलिस ने फरार आरोपी गोविंद चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ऑनलाइन गेमिंग एप और सट्टा का अवैध संचालन करता था। आरोप है कि उसने म्यूल खातों के जरिए करोड़ों रुपए का लेनदेन किया। पुलिस अब उनके अवैध संपत्ति की कुर्की की तैयारी कर रही है।
धीरज महतो ने सुपेला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी गोविंद चौहान और रविकांत मिश्रा ने सरकारी योजनाओं से जुड़े पैसों के ट्रांजैक्शन के लिए बैंक खाते खोलने का लालच देकर धीरज महतो और मुकेश तांडी के नाम से आईडीएफसी बैंक में खाते खुलवाए। इन खातों से आरोपी मोबाइल नंबर लिंक कर ऑनलाइन सट्टा का संचालन कर रहे थे।
इस मामले में पहले रविकांत मिश्रा को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब दुर्ग पुलिस ने म्यूल खातों का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी करने के आरोप में कथित पत्रकार गोविंद चौहान को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही उसके अवैध कमाई से खरीदी गई कार भी जब्त कर ली गई है। पुलिस की जांच में पता चला कि ये दोनों आरोपी न्यूज वेब पोर्टल के बहाने ऑनलाइन सट्टा एप का संचालन करते थे। इनके खिलाफ कई अन्य बैंक खातों में करोड़ों रुपए के लेनदेन के सबूत भी मिले हैं। अब दुर्ग पुलिस इनके खिलाफ अवैध संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई कर रही है ताकि इस घोटाले को पूरी तरह उजागर किया जा सके।