heml

राष्ट्र सेवा और भारत का नाम विश्व में ऊंचा करना भाजपा का उद्देश्य: डॉ रमन

रायपुर: भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को 44वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस मौके पर प्रदेश भर में पार्टी के साथ-साथ मोर्चा प्रकोष्ठ की अगुवाई में आगामी पूरे 1 माह तक के कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू की गई। राजधानी रायपुर में सुबह बोरियाकला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में और शाम को रजबंधा मैदान स्थित भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में विभिन्न कार्यक्रम हुए।

भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सुबह 9 ध्वजारोहण का कार्यक्रम भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इसके पश्चात परिसर में स्थापित पार्टी के पितृ पुरुषों डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, राजमाता विजयाराजे सिंधिया, कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पार्टी की ओर से श्रद्धा निवेदित की गई। इसके बाद सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का उद्बोधन सुना।  पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान कर पार्टी के विस्तार में उनके अमूल्य योगदान से प्रेरणा लेकर उनका अभिवादन किया गया।

धूमधाम से मना भाजपा स्थापना दिवस वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

भाजपा स्थापना दिवस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के धरातल पर खड़ी भाजपा देश में कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल है। जिन सपनों को संजोकर संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एक वैचारिक आंदोलन प्रारंभ किया था, उसे प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल जी व जनसंघ भाजपा के मनीषियों ने धरातल पर साकार किया|

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेवा कर भाजपा अपनी स्थापना के उद्देश्यों को सार्थक कर रही है। डॉ. सिंह ने कार्यकर्ताओं के पुरुषार्थ और पराक्रम की चर्चा करते हुए कहा कि वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ पूर्ण समर्पण और ध्येय निष्ठा के साथ कार्यकर्ताओं ने जो प्रतिमान गढ़े और भाजपा को सर्व स्वीकार्य राजनीतिक दल का स्वरूप प्रदान किया,  उसके लिए सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, कार्यालय प्रभारी नरेश गुप्ता, रजनीश शुक्ला, पूर्व विधायक नंदे साहू, छगन मूंदड़ा, सुभाष तिवारी डॉ. सलीम राज सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button