लव ट्रायंगल से जुड़े विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, फरार हत्यारे की पुलिस कर रही तलाश

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सोमवार देर रात नगरपालिक चौक पर हुए एक लव ट्रायंगल से जुड़े विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान भूपेश यादव (22 वर्ष) निवासी बोटी कनेरा के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

सूत्रों के अनुसार, घटना रात करीब 12 से 1 बजे के बीच की है, जब भूपेश अपनी महिला मित्र के साथ नगरपालिक चौक पर टहल रहा था। इसी दौरान युवती का पुराना प्रेमी विजय कोर्राम (24 वर्ष), निवासी आलबेड़ा, कोंडागांव, वहां पहुंचा और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि विजय ने अचानक जेब से चाकू निकाला और भूपेश पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गया। इस दौरान स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी सौरभ उपाध्याय ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और आपसी रंजिश से जुड़ा है। आरोपी विजय कोर्राम के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। युवती से भी विस्तृत पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की पूरी कहानी सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds