भाजपा को नए प्रदेश अध्यक्ष का इन्तजार : प्रदेश कार्यकारिणी का गठन भी इसी के चलते अटका, अगले माह कवायद शुरू होने की संभावना

रायपुर । प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष किरण देव की नई कार्यकारिणी की कवायद अब तक प्रारंभ नहीं हो सकी है। प्रदेश संगठन की नई कार्यकारिणी का अनुमोदन राष्ट्रीय संगठन से लेना पड़ता है। ऐसे में संभावना यही जताई जा रही है कि, भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद ही कार्यकारिणी बनाकर उसको अनुमोदन के लिए राष्ट्रीय संगठन को भेजा जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, अगले माह कार्यकारिणी को लेकर कवायद होगी। हालांकि, यह तय माना जा रहा है कि, कार्यकारिणी में बड़ा बदलाव होगा। इसमें सबसे महामंत्रियों के पदों पर सबकी नजेरे  हैं। एक महामंत्री जगदीश रामू रोहरा जहां धमतरी के महापौर बन गए हैं, वहीं एक महामंत्री संजय श्रीवास्तव को नान का अध्यक्ष बना दिया गया है। दो और महामंत्रियों को उपाध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है। ऐसे में महामंत्री के चारों पदों पर नए चेहरों को मौका मिल सकता है। इसको लेकर कई नेता प्रयास में भी लग गए हैं।

नए चेहरों को दिया जाएगा मौका

किरण देव को अध्यक्ष की कमान संभाले हुए पांच माह हो गए हैं, लेकिन अब तक उनकी नई कार्यकारिणी का ऐलान नहीं हो सका है। इसमें सबसे बड़ी बाधा यह है कि, अब तक मंडलों और जिलों की कार्यकारिणी नहीं बन सकी है। इसके बाद प्रदेश की कार्यकारिणी बनेगी। प्रदेश की नई कार्यकारिणी के साथ ही भाजपा के सात मोर्चा के नए अध्यक्षों का भी ऐलान होगा। प्रदेश भाजपा की कार्यकारिणी मैं भी थोक में नए चेहरों को मौका मिलना तय है। प्रदेश सरकार के निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड में प्रदेश संगठन के 20 पदाधिकारियों को पद मिल चुके हैं। अब इनके स्थान पर नए चेहरों को मौका दिया जाएगा।

होंगे कई बड़े बदलाव

किरण देव की नई कार्यकारिणी में कई बदलाव होने तय हैं। एक उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव राजनांदगांव के महापौर बने हैं। इसी के साथ 20 पदाधिकारियों को निगम, मंडल आयोग मैं स्थान मिला है। निगम, मंडल की तीसरी सूची में भी कई पदाधिकारियों को पद मिलेंगे। इसके बाद इनके स्थान पर नए चेहरों को रखा जाएगा। मोर्चा के अध्क्षों में जहां महिला मोर्चा की अध्यक्ष शालिनी राजपूत को छत्तीसगढ़ हस्तशित्य विकास बोर्ड की अध्यक्ष बनाया गया है। विकास मरकाम को भी आयोग में स्थान मिला है। इसी के साथ किसान मोर्चा के अध्यक्ष तौखन साहू केंद्रीय मंत्री बन चुके हैं। इसके स्थान पर भी नए चेहरों को मौका मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds