स्वास्थ्य मंत्री ने दिया बड़ा बयान, बोले “छत्तीसगढ़ में जल्द होगी मेडिकल ऑफिसर्स की नियुक्ति”

बलौदा बाजार : छत्तीसगढ़ के सरकारी अस्पतालों में जल्द ही मेडिकल ऑफिसर्स की नियुक्ति की जाएगी. स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने इसकी जानकारी दी है.  निजी कार्यक्रम से लौटकर बलौदा बाजार के सिमगा पहुंचे प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर्स की कमी जल्द दूर होने जा रही है. अगले एक सप्ताह के अंदर प्रदेश के अस्पतालों में बॉन्ड पर मेडिकल ऑफिसरों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी.

मंत्री जायसवाल ने भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके और अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी से जूझना न पड़े. प्रदेश के सरकारी अस्पताल लंबे समय से डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे हैं. ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में अस्पतालों में चिकित्सकीय सेवाओं पर असर पड़ा है. खासतौर पर प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है. इसको लेकर विपक्ष हमलावर है और एमबीबीएस की पढ़ाई कर चुके डॉक्टर भी मोर्चा खोल दिए हैं. जहां सरकार पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं.

इसी बीच स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर छत्तीसगढ़ की सरकार सरकारी अस्पतालों में एमबीबीएस और पीजी मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर चुके डॉक्टरों को सेवा में रखकर समस्या का समाधान करेगी. बता दें कि डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी करने के बाद अलग-अलग समय के लिए सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों को सेवा देना अनिवार्य किया गया है.  बॉन्ड की शर्तों के तहत इन डॉक्टरों को एक तय अवधि तक सरकारी अस्पतालों में काम करना होता है. इसके बावजूद कई अस्पतालों में डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया में देरी होने से न तो अस्पतालों को चिकित्सक मिल पा रहे थे और न ही डॉक्टर्स को सेवा देने का अवसर मिल रहा था.

अब तेजी से होगी तैनाती 

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नियुक्ति की प्रक्रिया में आ रही तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों को दूर कर लिया गया है. सभी ज़िलों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं और नियुक्ति आदेश जल्द जारी होंगे. इससे प्रदेशभर के अस्पतालों में चिकित्सा सेवाएं बेहतर होंगी और मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds