कुरुद। भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की सफलता, शौर्य और सम्मान के लिए एक भव्य तिरंगा यात्रा कुरुद के ग्राम सेमरा-बी में निकाली गई। यह तिरंगा यात्रा विधायक अजय चंद्राकर के नेतृत्व में निकाली गई। वहीं गुरुवार को सेमरा में भारत माता की पूजा -अर्चना कर तिरंगा यात्रा शुरू हुई। तिरंगा यात्रा सुपेला चौक से शुरू होकर प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बसस्टैंड पर विराम हुई, जहां आयोजित मंचीय कार्यक्रम को विधायक चंद्राकर ने संबोधित किया।
विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि, यह नया भारत है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। आज भारत के पास राफेल, ब्रह्मोस और अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित एक शक्तिशाली सेना है, जो विश्व की सबसे मजबूत सेनाओं में से एक मानी जाती है। हमारी सेना ने आतंकियों को उन्हीं की भाषा में मुंहतोड़ जवाब दिया है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने हर देशवासी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।
भारतीय सेना हर चुनौती का सामना करने में है सक्षम:
उन्होंने ने कहा कि, मोदीराज में भारत अब एक मजबूत विकसित देश के रूप में उभर रहा है। जिसे चीन, पाकिस्तान जैसे देश नहीं बचा पा रहे हैं। वे हमारी देश की एकता को आतंक फैलाकर तोड़ना चाहते हैं। हमारे वीर जवानों ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया कि, भारत की सेना हर चुनौती का डटकर सामना करने में सक्षम है। यह तिरंगा यात्रा उनके साहस, बलिदान और शौर्य को सम्मान देने का एक छोटा सा प्रयास है। लेकिन हम प्रत्येक नागरिक अपने देश के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़े हैं और खड़े रहेंगे। ताकि देश में व्याप्त आतंकवाद और नक्सलवाद को जड़ से समाप्त किया जा सके।
ये लोग रहे मौजूद:
इस तिरंगा यात्रा में जिला पंचायत सभापति पूजा राजू सिन्हा, कुलेश्वरी गायकवाड़, जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन, जनपद सभापति आनन्द यदु, सदस्य डिकेश्वरी देवांगन, बनीता पन्नू सिन्हा, सरपंच दुर्गा सिन्हा, उपसरपंच दीपक चक्रधारी, सोसायटी अध्यक्ष पंकज सिन्हा, मण्डल अध्यक्ष रवि कुमार सिन्हा, महामंत्री गौतम जैन, रामस्वरूप साहू, मोतीलाल सिन्हा, छत्रपाल बैस, सीईओ अमित कुमार सेन, सचिव सुदर्शन साहू सहित पंच बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामवासी उपस्थित थे।