खरोरा हादसे पर CM साय ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का किया ऐलान

रायपुर: छत्तीसगढ़ के खरोरा में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि इस दर्दनाक दुर्घटना में 13 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह खबर अत्यंत दुःखद है और उन्होंने घायलों के समुचित इलाज के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

सरकार ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए की सहायता राशि और घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।

जानिए क्या है पूरा मामला : 

रायपुर-बलौदा बाजार मार्ग पर सारागांव के पास खरोरा में रविवार देर रात एक ट्रेलर और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सभी महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस के मुताबिक, चटौद गांव का एक परिवार बंसरी गांव में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था। तभी खरोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सारागांव के पास उनके ट्रक की एक ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक में सवार चार बच्चों और नौ महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds