लॉगिन

रायपुर में 5-6 मई को होगा ‘नगर सुराज संगम’, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों संग दो दिवसीय मंथन करेंगे उप मुख्यमंत्री अरुण साव

Chhattisgarh May 4, 2025 रिपोर्टर: Mahima Yadav
रायपुर में 5-6 मई को होगा ‘नगर सुराज संगम’, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों संग दो दिवसीय मंथन करेंगे उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर में 5-6 मई को होगा ‘नगर सुराज संगम’, नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों संग दो दिवसीय मंथन करेंगे उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर। उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव प्रदेशभर के नगरीय निकायों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ 5 और 6 मई को दो दिवसीय प्रबोधन-सह-कार्यशाला ‘नगर सुराज संगम’ के माध्यम से मंथन करेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में किया जा रहा है।

इस कार्यशाला का उद्देश्य नगरीय निकायों की आगामी पांच वर्षों की कार्ययोजना पर विस्तृत संवाद और दिशा तय करना है। उप मुख्यमंत्री साव महापौरों, नगर पालिका व नगर पंचायत अध्यक्षों और अन्य जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ 5 मई को सुबह 11 बजे उप मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा, जबकि 6 मई को समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से शामिल होंगे।

कार्यशाला में मिलेगी योजनाओं और अधिनियमों की जानकारी
नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने बताया कि इस कार्यशाला में शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, कार्यों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही SUDA (राज्य शहरी विकास अभिकरण) की योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा होगी। विभाग द्वारा एक मार्गदर्शिका बुकलेट भी प्रकाशित की गई है, जिसका विमोचन उप मुख्यमंत्री उद्घाटन सत्र में करेंगे।

जनप्रतिनिधियों को भेजा गया विशेष पत्र
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने प्रदेश के सभी महापौरों, नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों को पत्र लिखकर उन्हें कार्यशाला में आमंत्रित किया है। पत्र में उन्होंने निर्वाचन में विजयी होने पर शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि जनता ने हमारी सुशासन आधारित नीतियों पर भरोसा जताया है, जिसे बनाए रखने का दायित्व अब और अधिक बढ़ गया है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह कार्यशाला सुशासन के सोपानों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां नगरीय विकास के लिए पांच वर्षीय कार्ययोजना पर ठोस चर्चा की जाएगी। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से इस संवादात्मक कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।

नगर सुराज की दिशा में निर्णायक पहल
यह कार्यशाला शहरी क्षेत्रों के समग्र और सुनियोजित विकास के लिए एक सशक्त मंच साबित होगी, जहां नीति, संवाद और समन्वय के माध्यम से भविष्य की योजनाओं को आकार दिया जाएगा।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds