सूरत की अदालत में आज सजा को चुनौती देंगे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी भी रहेंगी मौजूद

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मानहानि मामले में मजिस्ट्रेट कोर्ट द्वारा सुनाई गई दो साल की सजा के खिलाफ सूरत की ही सत्र अदालत में चुनौती देते हुए सोमवार को अपील दायर करेंगे। अपील याचिका दायर किए जाने के दौरान राहुल खुद भी सत्र अदालत में मौजूद रहेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ कानूनी सलाहकारों व वकीलों की टीम ने मजिस्ट्रेट अदालत के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका तैयार कर ली है।

कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के मौजूद रहने की संभावना

पार्टी के कानूनी सलाहकारों के साथ ही सूरत के कुछ वरिष्ठ वकीलों की टीम राहुल की सजा को चुनौती देने वाली याचिका सोमवार दोपहर बाद सत्र न्यायालय में दायर करेगी। इस दौरान राहुल गांधी को नैतिक और राजनीतिक समर्थन देने का संदेश देने के लिए कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के भी सूरत में मौजूद रहने की संभावना है।

कांग्रेस ने राहुल गांधी के सूरत जाने की पुष्टि कर दी है। पार्टी सूत्रों ने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष दोपहर में ही सूरत पहुंच जाएंगे। इसके बाद सत्र अदालत में जाकर याचिका दायर करने की कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करेंगे। सत्र अदालत में राहुल की तरफ से याचिका दायर करने के लिए रखे गए वकील किरीट पानवाला ने सूरत में मीडिया से कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष करीब तीन बजे सत्र अदालत में पहुंचेगे।

वहीं पार्टी के सियासी गलियारों में भी इस कानूनी और राजनीतिक लड़ाई में कांग्रेस पूरी तरह उनके साथ खड़ी है इसका संदेश देने की भी तैयारी की जा रही है। इसके मद्देनजर ही पार्टी के कई प्रमुख नेता सूरत की सत्र अदालत में पहुंचकर इस दोहरी लड़ाई में राहुल गांधी अकेले नहीं हैं, इसका संदेश देंगे।

राहुल को अदालत ने दो साल की सजा सुनाई

राहुल गांधी की चुनौती याचिका पार्टी के वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी की अगुआई में तैयार की गई है। इसमें सुप्रीम कोर्ट के आपराधिक मामलों के विशेषज्ञ वरिष्ठ वकील आरएस चीमा से भी सलाह मशविरा किया गया है। मालूम हो कि सूरत के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एचएच वर्मा की अदालत ने 23 मार्च को राहुल गांधी को मोदी उपनाम को लेकर कर्नाटक के कोलार में 2019 में की गई टिप्पणी के खिलाफ दायर मानहानि के मुकदमे में दोषी ठहराते हुए दो साल की सजा सुनाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds