जिला अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप, मरीज की मौत पर परिजनों का हंगामा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला अस्पताल गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में इलाज में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित उपचार न मिलने के कारण 42 वर्षीय बरन प्रताप सिंह की मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, मरीज की तबीयत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन डॉक्टरों ने समय पर सही इलाज नहीं किया और अंततः उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, रास्ते में ही बरन प्रताप सिंह ने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और शव को एम्बुलेंस में रखकर देर शाम कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए। वहां उन्होंने इलाज में हुई लापरवाही को लेकर शिकायत दर्ज की और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। बाद में परिजनों ने अपनी शिकायत अपर कलेक्टर के पास दर्ज कराई। प्रशासन द्वारा जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद, समझाइश के उपरांत परिजन शव को लेकर रवाना हुए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने बताया कि मृतक को बीती रात जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। जांच में पता चला कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण बरन प्रताप सिंह की किडनी और लिवर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे। इसी वजह से उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई।
उन्होंने यह भी बताया कि इलाज के दौरान परिजन झाड़-फूंक और भभूत से इलाज कराने का प्रयास कर रहे थे। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और यदि किसी डॉक्टर की लापरवाही सामने आती है, तो कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।