प्रदर्शन की नौटंकी करने की बजाए बापू और बाबा साहब से माफी मांगे कांग्रेस : ओपी चौधरी

रायपुर : छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महामंत्री ओपी चौधरी ने कहा है कि कांग्रेस की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। राहुल गांधी के मामले में वह महात्मा गांधी और संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का अपमान कर रही है। कांग्रेस ने इन दोनों महान विभूतियों का सम्मान तो कभी किया नहीं लेकिन इनका अपमान लगातार कर रही है। कांग्रेस को बाबा साहब और महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन करने की अपेक्षा इनसे माफी मांगनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि बाबा साहब ने देश का संविधान बनाया और बाबा साहब के संविधान का पालन करते हुए न्यायपालिका ने राहुल गांधी को ओबीसी समाज का अपमान करने के कारण सजा दी और कार्यपालिका ने उसका पालन किया। कांग्रेस को न्यायपालिका के फैसले पर विरोध है तो वह उच्च न्यायिक विकल्प अपना सकती है लेकिन ऐसा करने की बजाय कांग्रेस न्यायालय के फैसले पर राजनीति कर रही है।

यह कैसा राष्ट्रपुत्र है जो विदेशी दखल की खैरात चाहता है- भाजपा

कांग्रेस को बाबा साहब के संविधान पर भरोसा नहीं है। भारत की न्याय व्यवस्था पर भरोसा नहीं है। कांग्रेस को केवल विदेशी ताकतों पर भरोसा है, इसीलिए राहुल गांधी ने ढ़ाई सौ से अधिक विदेशी दौरे किये हैं और भारत विरोधी विचार व्यक्त किए हैं। कांग्रेस खुश हैं कि उसे कुछ दूसरे देशों से समर्थन मिल रहा है जबकि राहुल गांधी को अपने देश के मामले में विदेशी दखल का विरोध करना चाहिए था। वह कैसा तथाकथित राष्ट्रपुत्र है जो विदेशी ताकतों की कठपुतली बना हुआ है।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस संविधान के खिलाफ पूरे देश में आंदोलन कर रही है। यह सरासर बाबा साहब और उनके बनाए संविधान का अपमान है। कांग्रेस गांधी जी को नहीं मानती। मानती होती तो आजादी के बाद गांधी जी की भावना के अनुसार कांग्रेस का अवसान हो गया होता। कांग्रेस यदि बाबा साहब का सम्मान करती तो उन्हें चुनाव न हरवाती। जो बाबा साहब को नहीं मानते, वे उनके संविधान को कैसे मान सकते हैं।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा ने महात्मा गांधी का अपमान करते हुए कहा कि जैसे महात्मा गांधी जी राष्ट्रपिता थे, वैसे राहुल गांधी राष्ट्रपुत्र हैं। महात्मा गांधी के त्याग, तपस्या और संघर्ष की तुलना नकली गांधी राहुल जैसे संकीर्ण मानसिकता के लोगों से करके कांग्रेसियों ने राष्ट्रपिता का अपमान किया है। अगर कांग्रेसी सचमुच संविधान निर्माता अंबेडकर जी को मानते हैं और महात्मा गांधी जी का सम्मान करते हैं तो उन्हें इनकी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन की नौटंकी करने की बजाय माफी मांगनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds