Raipur: 10 साल में 5 शादियां, फिर ब्लैकमेल… लुटेरी दुल्हन और उसकी मां गिरफ्तार

Raipur। राजधानी में 10 साल के भीतर 5 शादियां कर पति को ठगने और ब्लैकमेल करने वाली लुटेरी दुल्हन पूजा देवांगन और उसकी मां गायत्री देवांगन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला बिना तलाक लिए अलग-अलग व्यक्तियों से शादी करती, फिर जेवर और पैसे हड़पकर उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थी। मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का है।

शादी के बाद ठगी का शिकार हुआ डाकेश्वर

बोरियाकला निवासी डाकेश्वर देवांगन ने आरंग की रहने वाली पूजा देवांगन उर्फ गीतांजली और उसकी मां गायत्री देवांगन के खिलाफ न्यायिक मजिस्ट्रेट आकांक्षा बेक की कोर्ट में परिवाद दायर किया था। उसने बताया कि शादी के बाद पूजा अधिकतर मायके में ही रहती थी, जिससे उसे संदेह हुआ। जब उसने पत्नी के बारे में जानकारी जुटाई, तो चौंकाने वाला सच सामने आया।

पहले भी कर चुकी थी कई शादियां

जांच के दौरान डाकेश्वर की मुलाकात पुरुषोत्तम देवांगन से हुई, जिसने बताया कि 15 जनवरी 2016 को उसने पूजा से संजयनगर टिकरापारा के आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। प्रमाण के तौर पर उसने मैरिज सर्टिफिकेट भी दिखाया। इसके बाद पता चला कि पूजा पहले से 5 लोगों से शादी कर चुकी थी और किसी को तलाक नहीं दिया था।

बैंक लॉकर से जेवर चुराकर मां को दिए

शादी के बाद डाकेश्वर ने परिवार के जेवर बैंक लॉकर में सुरक्षित रख दिए थे। लेकिन पूजा ने चालाकी से लॉकर से जेवर निकालकर अपनी मां को दे दिया और पैसों की मांग करने लगी। पैसे नहीं देने पर उसने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। डाकेश्वर को पता चला कि इससे पहले भी पूजा और उसकी मां ने अन्य पतियों को इसी तरह ब्लैकमेल कर ठगा था।

कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने पूजा और उसकी मां के खिलाफ ठगी और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया। फिलहाल दोनों को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds