लॉगिन

CG दाल में राहत का तड़का : तीन साल बाद अरहर दाल की कीमत लौटी 100 से 120 रुपए तक

Chhattisgarh March 22, 2025 रिपोर्टर: shailesh
CG दाल में राहत का तड़का : तीन साल बाद अरहर दाल की कीमत लौटी 100 से 120 रुपए तक

CG दाल में राहत का तड़का : तीन साल बाद अरहर दाल की कीमत लौटी 100 से 120 रुपए तक

रायपुर। अरहर दाल की कीमत अब जाकर तीन साल बाद वापस पुरानी हो गई है। 2022 में अरहर दाल की कीमत 100 से 120 रुपए थी, अब यही कीमत इस समय हो गई। चिल्हर में अच्छी क्वालिटी की दाल 120 से 130 में मिल रही है। बीते साल के अंतिम माह दिसंबर में ही अरहर दाल की कीमत चिल्हर में 180 रुपए थी। बीते साल तो इसके दाम दो सौ रुपए के पार भी गए। थोक में ही इसकी कीमत 190 रुपए तक चली गई थी। दूसरी दालों के दाम भी अब कम हो गए हैं। किसी भी दाल के दाम इस समय थोक में सौ रुपए के अंदर हैं। चिल्हर में दाम कुछ ज्यादा हैं।

अरहर दाल ही हर घर और होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट में ज्यादा बनती है। इस दाल की डिमांड पूरे देश में सबसे ज्यादा रहती है। अपने राज्य छत्तीसगढ़ में भी इसकी डिमांड ज्यादा है। यहां पर यह दाल महाराष्ट्र से ज्यादा आती है। वैसे लोकल दाल की भी बहुत मांग रहती है। आमतौर पर महाराष्ट्र की दाल को ज्यादा पसंद किया जाता है। इसके दाम लोकल दाल से थोड़े ज्यादा रहते हैं ।

दो सौ के पार गए दाम 

अरहर दाल की कीमत तीन साल पहले 2022 में थोक में 90 से 100 रुपए और चिल्हर में 100 से 120 रुपए थी। इसके बाद इसके दाम बढ़ने प्रारंभ हुए तो 2023 में इसकी कीमत दौ सौ रुपए के पार हो गई। थोक में जहां कीमत 190 रुपए हो गई, वहीं चिल्हर में इसके दाम 210 से 220 रुपए हो गए। ऐसा ही 2015 में भी हुआ था जब फसल प्रभावित हुई थी। 2023 में भी फसल कम होने की बात की गई। इसके बाद तो इसका असर 2024 तक रहा। इस साल भी इसलके दाम दो सौ रुपए तक रहे। 2024 के अंतिम माह में कीमत थोक में 140 से 160 और चिल्हर में 160 से 180 रुपए तक रही।

दाम अब पहले जैसे 

थोक कारोबारी  गोविंद माहेश्वरी ने बताया कि, अरहर दाल की कीमत थोक में ही 190 रुपए तक चली गई थी, अब नई फसल आने के बाद दाम बहुत कम होकर पहले की तरह ही थोक में 100 से 120 रुपए हो गए हैं।

अन्य दालें भी सस्ती 

अन्य दालें भी इस समय सस्ती हो गई हैं। चना दाल थोक में 70 से 72 और चिल्हर में 80 से 85 रुपए, उड़द दाल थोक में 100 और चिल्हर में 110 रु, मूंगदाल थोक में 100 और चिल्हर में 110 रुपए है। देशी चना थोक में 60 से 65 और चिल्हर में 70 से 75 रुपए में मिल रहा है। काबुली चना भी बहुत सस्ता हो गया है। इसके दाम भी 180 रुपए तक चले गए थे, अब यह थोक में 100 रुपए और चिल्हर में 110 रुपए में बिक रहा है।

नए साल में जनवरी से घटने लगे दाम 

इस साल जनवरी में जब इसकी नई फसल आई तो इसके बाद इसके दाम घटने प्रारंभ हुए। हालांकि शुरुआत में ज्यादा दाम कम नहीं हुए। लेकिन फिर भी राहत रही, क्योंकि जो दाल चिल्हर में 160 से 180 रुपए मिल रही थी, वह कम होकर 140 से 160 रुपए हो गई। इसके बाद लगातार दाम कम होते-होते अब मार्च में इसके दाम थोक में 100 से 120 और चिल्हर में 120 से 130 रुपए हो गए हैं। थोक में 120 रुपए वाली दाल महाराष्ट्र की अच्छी क्वालिटी की है, यह चिल्हर में 130 में मिल रही है। इसी तरह से थोक में 100 रुपए में मिलने वाली दाल चिल्हर में 110 रुपए में मिल रही है

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds