दिल्ली रवाना होने से पहले मंत्रिमंडल विस्तार और निगम- मंडलों में नियुक्तियों पर बोले सीएम साय, “इंतजार कीजिए…”

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंत्रिमंडल विस्तार और निगम आयोगों में नियुक्तियों के लिए अभी और इंतजार करना होगा। सोमवार को सीएम विष्णुदेव साय दिल्ली रवाना हो गए हैं। जहां दिल्ली में वे राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। सीएम श्री साय ने कहा कि, आज और कल दो दिनों का दौरा है। दिल्ली में हम कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। मंत्री मंडल विस्तार, निगम आयोगों में नियुक्ति पर उन्होंने कहा कि, इंतजार करिए जल्द होगा।

कर्नाटक में ठेके पर मुस्लिम आरक्षण पर सीएम साय ने जताई नाराजगी 

कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने शासकीय ठेकों में धर्म के आधार पर आरक्षण देने का फैसला किया है। जिस पर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने इसे भारतीय संविधान की मूल भावना के विरुद्ध और तुष्टीकरण की पराकाष्ठा करार दिया है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस जहां भी सत्ता में आती है, संविधान की मूल आत्मा का गला घोंटने का प्रयास करती है।

राहुल- खड़गे सीएम से कहकर फैसला ले वापस 

सीएम श्री साय ने इस फैसले को समाज में वैमनस्य फैलाने वाला कांग्रेस का सोचा-समझा षड्यंत्र बताया और कहा कि अदालतें पहले भी धर्म आधारित आरक्षण को असंवैधानिक करार दे चुकी हैं, इसलिए यह फैसला भी न्यायिक समीक्षा में नहीं टिक पाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस यह जानते हुए भी सिर्फ वोटबैंक की राजनीति के लिए वंचित वर्गों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से कहा है कि वे इस असंवैधानिक फैसले को तुरंत वापस लेने के लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को निर्देश दें। उन्होंने कहा कि यह आदिवासियों, दलितों और वंचित समाज के साथ अन्याय है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सीएम ने कांग्रेस अध्यक्ष को दी चेत जाने की सलाह 

सीएम श्री साय ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे पर निशाना साधते हुए कहा कि खरगे जी खुद वंचित समाज से आते हैं, फिर भी सोनिया गांधी और राहुल गांधी के बहकावे में आकर अपने ही समाज के खिलाफ साजिश का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “चेत जाइए खरगे जी, इतिहास आपको माफ नहीं करेगा।

कई विपक्षी दल जता चुके हैं विरोध 

उल्लेखनीय है कि कर्नाटक सरकार के इस फैसले के खिलाफ पहले ही कई संगठन और विपक्षी दल विरोध जता चुके हैं। अब छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की कड़ी आपत्ति के बाद यह मुद्दा और गरमा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds