Bijapur : 1 लाख के इनामी माओवादी समेत 5 नक्सली गिरफ्तार, प्रचार सामग्री और बैटरियां बरामद

Bijapur : जिले में चल रहे माओवादी विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना उसूर, कोबरा 201, 205, 206 और केरिपु 229 वाहिनी की संयुक्त टीम ने मारूड़बाका के जंगल से 5 माओवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 1 लाख रुपये का इनामी डीएकेएमएस अध्यक्ष भी शामिल है।
संयुक्त कार्रवाई में मिली बड़ी सफलता
10 मार्च 2025 को सुरक्षा बलों की टीम नेलाकांकेर, मारूड़बाका और कमलापुर के जंगलों में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान मारूड़बाका के जंगल में पांच संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से प्रतिबंधित माओवादी संगठन की प्रचार सामग्री, पंपलेट और एवररेडी बैटरियां बरामद हुईं।
गिरफ्तार माओवादियों की पहचान:
- नारायण भंडारी (मारूड़बाका डीएकेएमएस अध्यक्ष) — 1 लाख का इनामी
- धरमा काका (डीएकेएमएस सदस्य)
- नीला काका (डीएकेएमएस सदस्य)
- किस्टा ध्रुवा (डीएकेएमएस सदस्य)
- रामबाबू पूनेम (आरपीसी मिलिशिया सदस्य)
सभी आरोपी मारूड़बाका, थाना उसूर के निवासी हैं।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने पकड़े गए माओवादियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर बीजापुर कोर्ट में पेश कर दिया है।