बैंकॉक टू दिल्ली: 22 सांप, 23 छिपकली समेत 14 विदेशी कीड़ों की तस्करी, IGI एयरपोर्ट से 3 गिरफ्तार
वन्यजीवों की तस्करी करते 3 यात्रियों को दिल्ली (Delhi) इंदिरा गांधी एयरपोर्ट (Indira Gandhi International Airport) से कस्टम विभाग ने गिरफ्तार किया है.

वन्यजीवों की तस्करी करते 3 यात्रियों को दिल्ली (Delhi) इंदिरा गांधी एयरपोर्ट (Indira Gandhi International Airport) से कस्टम विभाग ने गिरफ्तार किया है. एयरपोर्ट में चेकिंग के दौरान 3 भारतीय नागरिक के बैग से अलग-अलग प्रजातियों की दुर्लभ वन्यजीव बरामद हुए. ये सभी बैंकॉक (Bangkok) से भारत (India) लाए जा रहे थे. इनमें अलग-अलग प्रजातियों की छिपकलियां और सांप व अन्य वन्यजीव शामिल है. वन्यजीवों की तस्करी कर रहे यात्रियों को एजेंसियों के हवाले कर दिया गया है.
कस्टम विभाग ने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट में वन्यजीवों की तस्करी की एक कोशिश को विफल कर दिया है. 23 फरवरी, रविवार को तीन भारतीय अवैध विदेशी वन्यजीव को ले जा रहे थे. अब तीनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. तीनों के बैग से विदेशी और दुर्लभ वन्यजीव बराम किए गए.
पकड़े गए ये तीनों यात्री बैंकॉक से दिल्ली आने वाली एयर इंडिया फ्लाइट AI 303 से आए थे, जांच में उनके बैग से अलग-अलग प्रजाति के वन्यजीव मिले तो चेकिंग के बाद उन्हें पकड़ लिया गया. इस तरह कस्टम विभाग ने एयरपोर्ट पर विदेशी वन्यजीवों की तस्करी को बड़ा एक्शन लेते हुए नाकाम कर दिया.
जब्त किए गए वन्यजीव में अलग-अलग प्रजाति के कई सांप थे. इनमें से 5 कॉर्न सांप(Corn snake), 8 मिल्क स्नेक(Milk snake) और 9 बॉल पाइथन स्नेक हैं. इनके अलावा कई अलग-अलग प्रजाति की छिपकलियां भी बरामद हुईं. छिपकलियों में 4 बियर्डेड ड्रैगन (Bearded dragons), 7 क्रेस्टेड गेको (Crested gecko), 11 कैमरून ड्वार्फ गेको(Cameroon dwarf gecko) और एक गेको Gecko थीं.
14 कीड़े और मकड़ी बरामद
बरामद किए गए वन्यजीवों में अलग-अलग प्रजातियों की छिपकली और अलग-अलग प्रजातियों के सांप के अलावा भी कई और अलग-अलग प्रजातियों के वन्यजीव भी बरामद किए गए. दुर्लभ वन्यजीवों में 14 गजरा कीड़ा (Millipede) और एक मकड़ी (Spider) भी उनके पास से बरामद किए गए.
यात्रियों को आगे की जांच के लिए संबंधित एजेंसियों के हवाले कर दिया है. अब उनसे पूछताछ की जाएगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अक्सर तस्कर पकड़े जाते हैं, जिनके पास से कई बार सोना बरामद होता है.