नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज जाने वाले यात्रियों में भगदड़, 18 की मौत, 25 से अधिक घायल

नई दिल्‍ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई। ये सभी लोग प्रयागराज महाकुंभ में जाने के लिए उमड़े थे। ट्रेन पकड़ने के लिए पहुंचे यात्रियों की भीड़ बेकाबू हो गई। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है। 25 से अधिक लोग घायल हैं। कई लोगों की हालत नाजुक है।

इन्हें लोक नायक, कलावती सरण और लेडी हार्डिग सहित पास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया। लोक नायक अस्पताल प्रशासन ने देर रात 18 लोगों की मौत की पुष्टि की। दो की मौत कलावती सरण और एक की मौत लेडी हार्डिंग अस्पताल में हुई।

देर रात तक चलती रही पोस्टमॉर्टम की प्रोसेस

18 मृतकों में से अधिकतर का पोस्टमॉर्टम कल रात ही पुलिस ने करवा दिया, जिससे रविवार को जल्द परिजनों को बॉडी सौंप दिया जाए। मौत को लेकर किसी भी तरह का हंगामा न हो सके। मध्य जिले से कई पुलिसकर्मियों को बुलाकर एक-एक शव के लिए जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया गया।

रेलवे पुलिस के पास उतने स्टाफ न होने से दिल्ली पुलिस ने ऐसा निर्णय लिया। डॉक्टरों को रात में ही पोस्टमॉर्टम के लिए अनुरोध किया गया। सुबह होने तक 12 से अधिक शवों का पोस्टमॉर्टम करवा दिया गया।

भगदड़ की मुख्य घटना प्लेटफार्म नंबर 14 व 15 पर हुई। यहां से रात 8:05 बजे शिवगंगा एक्सप्रेस को रवाना होना था। यह ट्रेन 10 मिनट की देरी से चलने वाली थी।

इसी दौरान एक ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 15 पर पहुंच गई, जो कि प्रयागराज से होकर पहुंची थीं। इससे यात्री निकले तो प्लेटफार्म पर भीड़ अचानक बढ़ गई।

धक्कामुक्की के बीच भगदड़ मच गई। इस भगदड़ को संभालने के लिए कोई इंतजाम नहीं था। बल्कि प्लेटफार्म नंबर 16 से भीड़ बढ़ती जा रही थी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अजमेरी गेट की तरफ से प्रवेश के लिए प्लेटफार्म नंबर 16 से ही रास्ते हैं।

यहां से एस्केलेटर और सीढ़ियां हैं। रविवार को अवकाश के कारण प्रयागराज जाने वालों की संख्या शनिवार को यहां अधिक थी। जनरल के टिकट भी रात तक काटे जा रहे थे।

रात करीब 10 बजे भी प्रयागराज ट्रेन थी। इसके अलावा कई ट्रेनें थीं जो प्रयागराज से होकर गुजरती हैं। शनिवार को यहां से स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर राजधानी भी थी जो विलंब से चल रही थीं।

इनके यात्री भी स्टेशन परिसर में ही थे। कुल मिलाकर स्थिति विस्फोटक थी। सुरक्षा के नाम पर प्लेटफार्म पर चंद पुलिसकर्मी और आरपीएफ के कर्मचारी मौजूद थे, जो स्थिति को संभाल नहीं पाए।

रात करीब 8:30 बजे प्लेटफार्म नंबर 14 व 15 पर भदगड़ मच गई। भगदड़ की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस के साथ दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।

लेकिन घायलों की संख्या इतनी अधिक थी कि एंबुलेंस नहीं मिल पा रहे थे। ऐसे में कुछ लोग आटो से भी अपने स्वजन को लेकर अस्पताल की ओर भागे।

उच्‍च स्‍तरीय जांच के आदेश दिये

भगदड़ की घटना के बाद रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds