लॉगिन

MP News : रतलाम नगर निगम के लेखाधिकारी के पिता के घर ईओडब्ल्यू की कार्रवाई, आय से 240 गुना संपत्ति

Madhya Pradesh January 27, 2025 रिपोर्टर: shailesh
MP News : रतलाम नगर निगम के लेखाधिकारी के पिता के घर ईओडब्ल्यू की कार्रवाई, आय से 240 गुना संपत्ति

MP News : रतलाम नगर निगम के लेखाधिकारी के पिता के घर ईओडब्ल्यू की कार्रवाई, आय से 240 गुना संपत्ति

रतलाम। आय से अधिक संपत्ति के मामले में सोमवार तड़के करीब चार बजे आर्थिक अपराध अन्वेष्ण (ईओडब्ल्यू) की टीम नगर निगम के लेखापाल विकास सोलंकी के ग्लोबस कालोनी स्थित घर पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।

ईओडब्ल्यू इंदौर के डीएसपी पवन सिंघल के नेतृत्व में आई टीम ने घर में दस्तावेज आदि जांचे। दरअसल आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ इंदौर द्वारा विकास सोलंकी के पिता आरोपित नंदकिशोर सोलंकी के खिलाफ भ्रष्टाचार से करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित करने की शिकायत सही पाए जाने पर धारा 7 (सी), 13 (1) बी, 13(2), भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। प्रारंभिक तौर पर ही संपत्ति आय से लगभग 240 प्रतिशत अधिक पाई जा रही है।

दरअसल विकास सोलंकी के पिता नंदकिशोर सोलंकी धार जिले के सरदारपुर तहसील के ग्राम रिंगनोद में सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक हैं। धार व रतलाम में एक साथ कार्रवाई की गई है। मालूम हो कि विकास सोलंकी नगर निगम में पूर्व में उपायुक्त भी रहे हैंं।

मार्च 2024 में हुए नगर निगम के साधारण सम्मेलन में परिषद ने प्रस्ताव पारित कर उन्हें उपायुक्त के कार्य से मुक्त कर दिया था। इसके बाद सिविक सेंटर के 22 प्लाटों की कम दर में रजिस्ट्री के मामले में लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने तत्कालीन निगमायुक्त एपीएस गहरवार, विकास सोलंकी सहित 36 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। इसमें नगर निगम के अधिकारी के साथ क्रेता विक्रेता भी आरोेपित बनाए गए हैं।

पूरा परिवार शासकीय सेवा में

विकास सोलंकी की पत्नी जिला पंचायत में लेखाधिकारी है जबकि पिता नंदकिशोर सोलंकी आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक हैं। उनके भाई की इंदौर-जोबट मार्ग पर बस चलती है।

सर्च में अभी तक मिली संपत्ति

पेट्रोल पंप : भूमि सर्वे क्रमांक 3177/2/2 ग्राम रिंगनोद जिला धार पर निर्माणाधीन है।

सात भूखंड : त्रिमूर्ति नगर राजगढ़, दलपुरा राजगढ में भूखंड, सर्वे कमांक 655/1/6 रकबा 0.006 हेक्टेयर भूमि दलपुरा राजगढ़ में, भूखण्ड क्रमांक 79, आवासीय दलपुरा, राजगढ, भूमि सर्वे क्रमांक 3177/1/1, भूमि सर्वे क्रमांक 3177 ग्राम रिंगनोद, न्यू विजयनगर इंदौर में 1800 वर्गफीट का प्लाट, राजगढ़ जिला धार में 600 वर्गफीट का प्लाट।

ग्राम रिंगनोद में एक मकान, रतलाम में ग्लोबस टाउनशिप 10000 वर्गफीट क्षेत्र में मकान। दो 52 सीटर डीलक्स बसें, एक चार पहिया वाहन, 6 दो पहिया वाहन मिले हैं।

जेवर, नगदी व बैंकखातों की जांच जारी

टीम दोनों स्थानों पर दस्तावेज, आभूषण, बैंक खातों एवं नगद आदि से संबंधित सर्च कर रही है। कार्रवाई के दौरान और अधिक संपत्ति मिलने की संभावना है अभी तक मिली संपत्ति का मूल्य 4 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। ईओडब्ल्यू इंदौर की डीएसपी मधुर वीणा गौड के नेतृत्व में रिंगनोद धार में व पवन सिंघल के नेतृत्व में रतलाम में एक साथ कार्रवाई चल रही है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds