लॉगिन

सीआरपीएफ की 75 महिला ‘डेयरडेविल्स’ का रायपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत

Chhattisgarh March 23, 2023 रिपोर्टर: shailesh
सीआरपीएफ की 75 महिला ‘डेयरडेविल्स’ का रायपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत

सीआरपीएफ की 75 महिला ‘डेयरडेविल्स’ का रायपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत

रायपुर: बस्तर जिले में 25 मार्च को केंद्रीय अर्धसैनिक बल (सीआरपीएफ) के 84वें स्थापना दिवस पर परेड का आयोजन होने जा रहा है। आजादी के 75वें महोत्सव में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 75 ‘महिला डेयरडेविल्स’ बाइक से 9 मार्च को दिल्ली के इंडिया गेट से जगदलपुर के लिए निकली हैं। ये वीमेन बाइकर्स रायपुर के बाराडेरा मंदिर हसौद स्थित सीआरपीएफ कैंप में पहुंचीं। यहां इनका भव्य स्वागत किया गया। महिला डेयरडेविल्स टीम में छत्तीसगढ़ की 3 बेटियां भी शामिल हैं।

महिला डेयरडेविल्स टीम में छत्तीसगढ़ की 3 बेटियां भी शामिल

छत्तीसगढ़ के सीआरपीएफ की बटालियन ने इन्हें राज्य के बॉर्डर के नजदीक आते ही रिसीव किया। उसके बाद ये 75 महिला डेयरडेविल्स पायलट गाड़ियों के बीच बुलेट राइड करते हुए ग्रीन कॉरिडोर से छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव और दुर्ग को पार करते हुए रायपुर पंहुचीं। महिला सशक्तिकरण का मैसेज देते हुए उनकी ये यात्रा कई राज्यों से होकर गुजरी। ये बाइक रैली 25 मार्च को जगदलपुर में समाप्त होगी, यहां परेड सेरेमनी आयोजित होगा।

इस समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे जगदलपुर जिला मुख्यालय से आमसभा को भी संबोधित करेंगे। राज्य के सबसे दक्षिणी क्षेत्र में स्थित बस्तर सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर जैसे जिलों से घिरा हुआ है, जहां सीआरपीएफ के नेतृत्व में सुरक्षाबलों की ओर से नक्सलियों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की गई है।

अपने इस पूरे सफर के दौरान महिला बाइकर्स ने स्कूली बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों के साथ काम करने वालों लोगों से संपर्क किया और उन्हें मोटिवेट भी किया। CRPF के इस कारवां का नेतृत्व कर रहीं डिप्टी कमांडेंट तारा यादव ने कहा कि इस रैली में भाग लेने वाली कई महिला बाइकर्स पहले बाइक चलाने में कंफर्टेबल नहीं थीं, लेकिन उन्हें इसकी पूरी ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण के बाद अब वे एक बार में लगभग 300 किमी तक बाइक चला लेती हैं। हम लोगों को एक ठोस मैसेज देना चाहते हैं कि महिलाएं किसी भी काम में पीछे नहीं हैं।

कई शहरों में रुका कारवां

सीआरपीएफ की इन महिला बाइकर्स का कारवां 5 राज्यों के कई बड़े शहरों में ठहरा, जिसमें ग्वालियर, शिवपुरी, भोपाल, भंडारा, रायपुर और अगला पड़ाव कोंडागांव में होगा। इस पूरी यात्रा के दौरान कई जगहों पर फ्लैग इन फ्लैग ऑफ सेरेमनी भी हुई। पूरे ब्लैक कपड़ों में दर्जनों बुलेट गाड़ियों पर 75 महिलाओं का कारवां जब गुजरा, तो लोगों ने अपने फोन निकालकर वीडियो बनाने शुरू कर दिए। जगह-जगह लोग इन्हें देखकर उत्साहित होते रहे और जय हिंद भारत माता की जय के नारे लगाकर लोग जोश में दिखे।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds