छत्तीसगढ़ के इस धान खरीदी केंद्र में 6 हजार 768 बोरा फर्जी खरीद का मामला उजागर

राजनांदगांव। जिले में धान उपार्जन केंद्रों में तेजी से चल रही धान खरीदी प्रक्रिया के बीच रामपुर धान खरीदी केंद्र पर बड़ी अनियमितता सामने आई है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य विभाग के संयुक्त जांच दल ने डोंगरगढ़ विकासखंड के अंतर्गत स्थित इस केंद्र का औचक निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन किया।

बता दें कि औचक निरीक्षण में सेवा सहकारी समिति मर्यादित रामपुर द्वारा संचालित धान खरीदी केंद्र में लगभग 6768 बोरा धान प्रथम दृष्टया फर्जी खरीदी किया जाना पाया गया। निरीक्षण के दौरान समिति प्रबंधक सह धान खरीदी प्रभारी दिलीप चंद्राकर और ऑपरेटर नरेंद्र वर्मा मौके पर उपस्थित थे।

कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर अग्रवाल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, राजनांदगांव के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देश दिया है कि इस मामले में संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

गौरतलब है कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों का संयुक्त जांच दल द्वारा भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds