इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला नहीं रहे, 89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, कल होगा अंतिम संस्कार

हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। वे 89 साल के थे। बताया जा रहा है कि आज सुबह तबीयत बिगड़ने पर चौटाला को 11:35 बजे मेदांता की इमरजेंसी में लाया गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत आ रही थी। मेदांता ने पुष्टि की है कि उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। निधन की वजह हार्ट अटैक बताया है। ओपी चौटाला का पार्थिव शरीर तेजा खेड़ा फार्म हाउस ले जाया जाएगा। कल सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक उनका अंतिम दर्शन कर सकेंगे। दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से राजनीति को बड़ा झटका माना जा रहा है।

सीएम नायब सैनी ने शोक व्यक्त किया

सीएम नायब सैनी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त कर उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए कामना की है। सीएम सैनी ने X पर लिखा, ‘इनेलो सुप्रीमो एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने प्रदेश और समाज की जीवनपर्यंत सेवा की।देश व हरियाणा प्रदेश की राजनीति के लिए यह अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ओम शांति।’

भूपेंद्र हुड्डा बोले- मेरे लिए बड़े भाई जैसे

ओम प्रकाश चौटाला के निधन पर हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा भावुक नजर आए। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि ओम प्रकाश चौटाला सीएम थे, उस वक्त मैं विपक्ष का नेता था। उन्होंने कहा कि हम दोनों के बीच अच्छे संबंध थे। वो मेरे लिए बड़े भाई जैसे थे। उन्होंने कहा कि वो अभी भी सक्रिय थे, देखकर लगता नहीं था कि वो हमें इतनी जल्दी छोड़ जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds