VIDEO- छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में ओले गिरे : चारामा-धमतरी रोड पर बिछी बर्फ की चादर, कई जिलों में पड़ी बौछारें

रायपुर। प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बदली और बारिश से तापमान में गिरावट आ गई है। बिलासपुर में मार्च में सावन सी झड़ी लग गई है। शुक्रवार की रात भी यहां अच्छी बारिश हुई। इसी तरह दुर्ग, राजनांदगांव, कोरबा, जांजगीर-चांपा में भी बौछारें पड़ रही हैं।

चारामा-धमतरी रोड में ओले गिरने के बाद रोड पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। राहगीर रुक कर इस पल को कैमरे में कैद करते नजर आए। समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी प्रदेश आ रही है। इसी के कारण राजधानी में भी पिछले दो दिन से मौसम ठंडा है। आज पूरे दिन ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।

शुक्रवार की देर शाम और रात में बिलासपुर, कोरबा और जांजगीर-चांपा में हल्की से मध्यम बारिश हुई। हालांकि, यहां दिन भर बदली छाई हुई थी। फिर शाम होने के बाद शहर के अधिकांश इलाको में बारिश शुरु हो गई। कोरबा और जांजगीर-चांपा में भी देर रात से बारिश शुरू हो गई।

मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी। शनिवार की सुबह से शहर में बूंदाबांदी हो रही थी। लोग बारिश का मजा लेते रहे। सुबह 7.30 बजे से शुरू हुई बौछारें रूक-रूककर 11 बजे तक चलती रहीं। इसके चलते मौसम ठंडा हो गया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और द्रोणिका के असर से प्रदेश में मौसम में बदलाव हुआ है।

शनिवार सुबह से प्रदेश में ठंडी हवाएं चल रही थी । राजधानी में सुबह से ही बदली छाई हुई है और बारिश के छीटें पड़ने के आसार है। वहीं, राजनांदगांव और भिलाई में हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश की बौछारें पड़ी हैं। आज शनिवार पूरे दिन नमी बनी रहेगी और ठंडी हवाएं चलती रहेगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds