CG डीएमएफ घोटाला : रानू-माया सहित 10 की 24 करोड़ की चल-अचल संपत्ति कुर्क

रायपुर। डीएमएफ घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने निलंबित आईएएस अफसर रानू साहू, माया वरियर के साथ राधेश्याम मिर्झा, भुनेश्वर सिंह राज, वीरेंद्र कुमार राठौर, भरोसा राम ठाकुर, संजय शेंडे, मनोज कुमार द्विवेदी, हृषभ सोनी एवं राकेश कुमार शुक्ला की 23.79 करोड़ रुपए की संपत्ति को कुर्क किया है। इसमें 21.47 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति है, जिसे अटैच किया है। यह संपत्ति डीएमएफ घोटाले से अर्जित की गई ब्लैक मनी से खरीदी गई थी।

90.35 करोड़ रुपए का घोटाला

डीएमएफ घोटाला मामले में ईडी ने रानू साहू, माया वरियर एवं मनोज कुमार द्विवेदी को गिरफ्तार किया जा चुका है, वहीं शेष 7 आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर हैं। ईडी ने इस घोटाला मामले में 9 दिसंबर को प्रेस नोट जारी किया है, जिसके अनुसार इस घोटाला मामले में अनंतिम कुर्की का आदेश जारी किया है। इसके तहत इन सभी आरोपियों की भूमि, आवासीय संपत्तियां, सावधि जमा और बैंक शेष सहित 21.47 करोड़ रुपये मूल्य की अचल और 2.32 करोड़ रुपए की चल संपत्तियां मिलाकर 23.79 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क की है।

रानू-माया की 17 दिसंबर तक बढ़ी न्यायिक रिमांड

डीएमएफ घोटाला मामले में मंगलवार को रानू साहू और माया वरियर को ईडी कोर्ट में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने दोनों की 7 दिन की न्यायिक रिमांड बढ़ा दी है। इस तरह अब दोनों 17 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर रहेंगे। इसके अलावा इस मामले में गिरफ्तार मनोज द्विवेदी को भी कोर्ट में पेश किया गया।

2.32 करोड़ रुपए के नकदी-आभूषण जब्त

जांच के दौरान ईडी ने ठेकेदारों, लोक सेवकों और उनके सहयोगियों के विभिन्न परिसरों में कई तलाशी ली और इसके परिणामस्वरूप 2.32 करोड़ रुपये की बेहिसाबी नकदी और आभूषण जब्त किए गए और जांच से पता चला कि जब्त की गई रकम डीएमएफ कार्यों के निष्पादन के दौरान इन लोक सेवकों द्वारा प्राप्त रिश्वत राशि का हिस्सा थी। इस तरह इस मामले में अब तक कुल अपराध आय (पीओसी) 90.35 करोड़ रुपये है, जिसमें से अब तक 23.79 करोड़ रुपये की अचल और चल संपत्तियां अनंतिम रूप से कुर्क की गई हैं। इस घोटाले की जांच अभी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds