RAIGARH NEWS : इतवारी बाजार में साढ़े आठ करोड़ का ऑक्सीजोन, दस दुकानें भी निकलेंगी

बीचोंबीच स्थापित होगी गौतम बुद्ध की प्रतिमा, 400 से ज्यादा पेड़ लगेंगे

रायगढ़ : ऑक्सीजोन का टेंडर होने के बाद इसका डिजाइन भी सामने आया है। करीब 4.30 एकड़ में हो रहे निर्माण के बीचोंबीच महात्मा बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करने पर विचार किया जा रहा है। यहां दस दुकानें भी निकाली जाएंगी। प्लांटेशन के लिए भी बेहतरीन प्लानिंग की गई है। शहर में पहले कोल डस्ट और अब फ्लाई एश के कारण प्रदूषण बढ़ रहा है। हरियाली भी खत्म होती जा रही है। ऐसे में एक ऐसा स्पॉट विकसित किया जा रहा है जहां शहर के लोग जाकर शुद्ध हवा में सांस ले सकें। इसके लिए इतवारी बाजार में ऑक्सीजोन की कल्पना की गई है।

इतवारी बाजार में 4.30 एकड़ जमीन चिह्नित कर टेंडर जारी किया गया है। अब इसका ड्रॉइंग डिजाइन भी सामने आया है। 8 नवंबर को जारी टेंडर में 25 नवंबर तक निविदा आमंत्रित की गई है। 28 नवंबर को टेंडर खुलेगा। नौ महीने में काम पूरा किया जाना है। हाउसिंग बोर्ड को एजेंसी बनाया गया है। आयताकार शेप में बन रहे ऑक्सीजोन में 27 प्रजाति के अलग तरह के प्लांट लगाए जाएंगे। बीचोंबीच गौतम बुद्ध की प्रतिमा स्थापित की जा सकती है। साढ़े पांच सौ वर्ग मीटर क्षेत्र में ओपन जिम और प्ले एरिया होगा। इतने ही क्षेत्र में साइंस पार्क भी होगा। गजीबो का भी निर्माण होगा। पहले से मौजूद मंदिर को जस का तस रखा जाएगा। फूड कोर्ट और पाथवे का निर्माण होगा।

पूरी रकम देगा पर्यावरण विभाग
उद्योगों पर अधिरोपित पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति की राशि इसमें लगाई जा रही है। नगर निगम ने इसके लिए 9.87 करोड़ का प्रस्ताव दिया था। पर्यावरण विभाग ने 4.50 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं। बाकी 5.37 करोड़ रुपए डिमांड के आधार पर जारी किए जाएंगे। हालांकि अनुमानित लागत करीब 8.42 करोड़ आंकी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds