लॉगिन

अबूझमाड़ मुठभेड़ में मारे गए 6 नक्सलियों की हुई पहचान, 48 लाख रुपये के थे इनामी

Chhattisgarh July 20, 2025 रिपोर्टर: shailesh
अबूझमाड़ मुठभेड़ में मारे गए 6 नक्सलियों की हुई पहचान, 48 लाख रुपये के थे इनामी

अबूझमाड़ मुठभेड़ में मारे गए 6 नक्सलियों की हुई पहचान, 48 लाख रुपये के थे इनामी

नारायणपुर : छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में शुक्रवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में छह कुख्यात नक्सली मार गिराए गए. यह कार्रवाई माओवादियों के नेटवर्क पर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है. शनिवार को जब सुरक्षाबलों ने मारे गए नक्सलियों के शवों को नारायणपुर मुख्यालय पहुंचाया, तब उनकी पहचान सार्वजनिक की गई.

मारे गए नक्सलियों पर था 48 लाख रुपये का इनाम

अधिकारियों के मुताबिक मारे गए सभी नक्सलियों पर 8-8 लाख रुपये का इनाम था, यानी कुल मिलाकर ₹48 लाख का इनामी नेटवर्क एक ही मुठभेड़ में खत्म कर दिया गया. ये नक्सली पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (PLGA) से जुड़े थे, जिनमें से कुछ उच्चस्तरीय कमांडर थे. राहुल पुनेम उर्फ लच्छू पुनेम, जो PLGA के प्लाटून नंबर-1 का कमांडर था, उसके मारे जाने को अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है.

मारे गए नक्सलियों की पहचान इस प्रकार है

लच्छू पुनेम उर्फ राहुल (38 वर्ष) – डीवीसीएम कमांडर, बासागुड़ा, जिला बीजापुर

हरीश उर्फ कोसा (25 वर्ष) – निवासी कमलापुरम, थाना उसूर, जिला बीजापुर

उंगी टाटी (24 वर्ष) – निवासी थाना जगरगुंडा, जिला सुकमा

टाटी मीना उर्फ सोमरी (22 वर्ष) – निवासी तोड़का, थाना गंगालूर, जिला बीजापुर

कुड़ाम बुधरी (21 वर्ष) – निवासी मुकेश कट्टा, थाना ओरछा, जिला नारायणपुर

मनीषा ग्रेटामी (25 वर्ष) – निवासी सोनपुर, थाना नारायणपुर


मुठभेड़ स्थल से बरामद हुए घातक हथियार

इस सफल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने AK-47, INSAS राइफल, जिंदा रॉकेट लॉन्चर और बड़ी मात्रा में बुलेट बरामद की हैं. इस कार्रवाई को अबूझमाड़ जैसे दुर्गम और घने जंगलों वाले इलाके में माओवादियों के नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है.

डीआईजी और एसपी ने की मौके पर समीक्षा, जवानों की हौसला अफजाई

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने नारायणपुर पहुंचकर जवानों से मुलाकात की और उनके साहस की सराहना की. उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों का अंत अब नजदीक है. मार्च 2026 तक बस्तर को नक्सल मुक्त बना दिया जाएगा. वहीं, नारायणपुर जिले के पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुरिया ने कहा कि हम नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक चरण में प्रवेश कर चुके हैं. जो लोग माओवादी विचारधारा से भ्रमित हैं, वे आत्मसमर्पण करें या गंभीर परिणाम झेलने को तैयार रहें.

2025 में अब तक 221 नक्सली मारे गए

IG सुंदरराज ने जानकारी दी कि वर्ष 2025 के शुरुआती छह महीनों में ही 204 नक्सली मारे गए हैं, जो बस्तर संभाग में संचालित सशक्त अभियान की सफलता को दर्शाता है. इस वर्ष अब तक पूरे राज्य में 221 नक्सली मारे गए हैं, जिनमें से अधिकांश बस्तर संभाग (बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, बस्तर, कोंडागांव) में ढेर हुए हैं.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds