29 लाख की धोखाधड़ी : डीसीबी बैंक के तत्कालीन मैनेजर सहित 7 लोगों ने की हेराफेरी, मास्टर माइंड मैनेजर गिरफ्तार

अभनपुर : अभनपुर क्षेत्र के गोबरा नवापारा थाना अंतर्गत ग्राम कुर्रा स्थित डीसीबी बैंक शाखा में हुए 29 लाख रुपये के घोटाले मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक के तत्कालीन मैनेजर उत्कर्ष वर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कूटरचित दस्तावेज और फर्जी हस्ताक्षर के जरिए रकम की हेराफेरी की गई थी और इस पूरे फर्जीवाड़े का मुख्य मास्टरमाइंड उत्कर्ष वर्मा ही था।
शिकायतकर्ता राकेश कंसारी ने आज ही थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि बैंक मैनेजर सहित कुल 7 लोगों ने मिलकर 29 लाख रुपये की हेराफेरी की थी।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में दस्तावेजों की जांच, बैंक रिकॉर्ड खंगालने और संबंधित खातों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर और भी खुलासे हो सकते हैं।