रायगढ़ : शहर के रामभांठा क्षेत्र में सोमवार रात एक 16 वर्षीय किशोर की हत्या से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धनुर्जय चौहान निवासी रामभांठा के रूप में हुई है। वह कक्षा 10वीं का छात्र था और मारुति नेक्सा शोरूम में काम भी करता था।
जानकारी के अनुसार धनुर्जय सोमवार रात करीब 9 बजे दोस्तों के साथ चक्रधर समारोह देखने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान बैकुंठपुर रामभांठा क्षेत्र में उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद एक युवक लहूलुहान हालत में मोहल्ले में पहुंचा और कथित तौर पर हत्या करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
देर शाम सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। सुबह परिजनों को बुलाकर मृतक की पहचान कराई गई, जिसके बाद शव को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन युवकों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, धनुर्जय के सिर को पत्थर या किसी भारी वस्तु से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका है। शव खून से लथपथ हालत में झाड़ियों के बीच पड़ा था। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक हत्या के कारण और घटना की पूरी जानकारी का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। कोतवाली पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।
खंडहरनुमा बस डिपो में नशेड़ियों का भी जमावड़ा
आसपास के लोगों के मुताबिक, पुराना बस डिपो खंडहरनुमा है और यहां बड़ी-बड़ी झाड़ियां हैं। इसके चलते इलाके में नशेड़ियों का भी जमावड़ा रहता है। आशंका जताई जा रही है कि रात में नशे के दौरान किसी विवाद के बाद युवक की हत्या की गई होगी।