लॉगिन

खिड़की तोड़ी और दीवार फांदकर भागे 11 बाल कैदी, हत्या और दुष्कर्म के आरोपी

Chhattisgarh June 24, 2026 रिपोर्टर: shailesh
खिड़की तोड़ी और दीवार फांदकर भागे 11 बाल कैदी, हत्या और दुष्कर्म के आरोपी

खिड़की तोड़ी और दीवार फांदकर भागे 11 बाल कैदी, हत्या और दुष्कर्म के आरोपी

अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में मंगलवार शाम 11 बाल कैदी फरार हो गए. इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही पुलिस बाल संप्रेक्षण गृह पहुंची और मुआयना किया. पुलिसकर्मी भागे बाल कैदियों की तलाश में जुट गई है. फरार होने वाले सरगुजा, सूरजनगर और कोरिया के बताए जा रहे हैं.

खिड़की तोड़ी, दीवार फांदकर भागे

बताया जा रहा है कि अपचारियों ने खिड़की तोड़ी और दीवार फांदकर भाग गए. नई दुनिया की रिपोर्ट के मुताबिक बाल संप्रेक्षण गृह के हाउस फादर मनीष कुशवाहा ने बताया कि ये पूरा मामला शाम करीब 7.30 बजे है. खाना खाने के बाद कुछ बच्चे सोने चले गए, वहीं कुछ टीवी देख रहे थे. इसी दौरान अपचारियों ने बाल संप्रेक्षण गृह की खिड़की तोड़ दी. मौके पर तैनात दो सुरक्षाकर्मियों को इसकी आवाज नहीं मिली क्योंकि गरज-चमक के साथ बारिश हो रही थी. इसके बाद 11 आरोपी दीवार फांदकर भाग गए.

हत्या, दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में आरोपी

फरार बाल कैदियों की उम्र 14 से 17 साल बताई जा रही है. इन पर हत्या, दुष्कर्म, चोरी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं. हाउस फादर ने बताया कि फरार अपचारी सरगुजा, सूरजनगर और कोरिया जिले के रहने वाले हैं. मनीष कुशवाहा ने अंबिकापुर के अपचारी पर शक जताया है. उसके खिलाफ शहर के विभिन्न पुलिस थानों में मामले दर्ज हैं. शक है कि उसने दूसरे अपचारियों को विश्वास में लेकर घटना को अंजाम दिया.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

गांधीनगर पुलिस थाने की टीम ने फरार बाल कैदियों की तलाश शुरू कर दी है. बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और दूसरी जगहों पर तलाशी की जा रही है. पुलिस बाल संप्रेक्षण गृह के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. इस मामले की सूचना जिला प्रशासन और बाल कल्याण समिति को दे दी गई है.

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds